नेशनल हाईवे (NHAI) द्वारा लेफ्ट टर्न बनाने के लिए की जा रही खुदाई के दौरान जबलपुर के रमनगरा प्लांट 40 MLD पंप हाउस से जुड़ी मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। अमृत-1 योजना के तहत बिछाई गई इस पाइपलाइन से लगभग 7 पानी की टंकियां भरी जाती हैं, जिससे प्रभावित क्षेत्रों में जलापूर्ति बाधित हुई है। मामले की जानकारी देते हुए नगर निगम जल विभाग के अधिकारी कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी की टीम को मरम्मत कार्य में लगा दिया गया है, जिसकी निगरानी नगर निगम के अधिकारियों की देखरेख में की जा रही है। इस मरम्मत का पूरा खर्च नेशनल हाईवे अथॉरिटी ही वहन करेगी, जिससे नगर निगम पर कोई अतिरिक्त वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा।
अवैध शराब और बढ़ते अपराध के खिलाफ बसपा का धरना-प्रदर्शन, जिला प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
जबलपुर के सिंधी कैंप स्थित बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने पूर्व विधानसभा क्षेत्र में बढ़ते अवैध शराब के कारोबार, जुआ-सट्टे और लगातार बढ़ रहे अपराधों के विरोध में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया। प्रदर्शन के दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में खुलेआम अवैध गतिविधियों का संचालन हो रहा है, जिससे आम जनता और गरीब वर्ग बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। पूर्व केंद्रीय स्टेट कोऑर्डिनेटर बालकिशन चौधरी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि पूर्व विधानसभा क्षेत्र अवैध नशे की मंडी बन चुका है और लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के कारण स्थानीय लोग खौफ के साये में जीने को मजबूर हैं।
बसपा नेताओं ने स्थानीय पुलिस प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर इन अवैध गतिविधियों को संरक्षण देने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शिकायतों के बावजूद पुलिस प्रशासन ठोस कार्रवाई करने में नाकाम रहा है। प्रदर्शन के अंत में बसपा प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार पर तत्काल रोक लगाने, कानून-व्यवस्था दुरुस्त करने तथा आम नागरिकों को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की। चेतावनी दी गई कि यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो पार्टी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।







