खबर डिजिटल संवाददाता कटनी- गंगा दशहरा के पावन अवसर पर नगर पालिक निगम कटनी द्वारा चलाए जा रहे ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के तहत सोमवार सुबह मंगलनगर स्थित छपरवाह नदी घाट पर सामूहिक श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और नागरिकों ने श्रमदान कर जल संरक्षण का संदेश दिया।कार्यक्रम में महापौर प्रीति संजीव सूरी, कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार सहित अनेक जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।नदी संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देते हुए उपस्थित लोगों ने घाट की सफाई, पूजा सामग्री संग्रहण और अपशिष्ट हटाने का कार्य मानव श्रृंखला बनाकर किया। तसलों के माध्यम से घाट किनारे जमा शिल्ट और कचरे को संग्रहण वाहन तक पहुंचाया गया। श्रमदान के बाद जल स्रोत पूजन, दीपमाला और गंगा आरती का आयोजन भी किया गया।मुख्य अतिथि विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक ने कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा, “यदि हम आज जल स्रोतों को संवारेंगे, तभी हमारा कल संवरेगा।” उन्होंने नगर निगम द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए आगामी वर्षा ऋतु में व्यापक पौधारोपण और जल संरचनाओं के संरक्षण पर जोर दिया।महापौर प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि नदियां केवल जल का स्रोत नहीं बल्कि हमारी संस्कृति और जीवन का आधार हैं। उन्होंने नागरिकों से जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने में सहभागिता निभाने की अपील की।नगर निगम प्रशासन ने जानकारी दी कि ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के तहत शहर के प्रमुख तालाबों, नदियों और जल स्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना पर तेजी से काम किया जा रहा है, ताकि मानसून पूर्व भू-जल रिचार्ज को बढ़ावा दिया जा सके और भविष्य में जल संकट की स्थिति न बने।
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट मो. 9131308097









