डेस्क। आज से नये महीने की शुरुआत हो गई है. जून महीने की शुरुआत के साथ देशभर में कई अहम नियम लागू हो गए हैं। हर महीने की तरह इस बार भी बैंकिंग, डिजिटल पेमेंट, गैस सिलेंडर और टैक्स से जुड़े कई बदलाव देखने को मिल रहे हैं। इन बदलावों का सीधा असर आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और घरेलू बजट पर पड़ सकता है।
UPI ट्रांजेक्शन में बड़ा बदलाव
1 जून 2026 से यूपीआई के जरिए पैसे भेजने की प्रक्रिया में नया बदलाव किया गया है। अब किसी व्यक्ति को पैसे ट्रांसफर करते समय स्क्रीन पर उसका बैंक में दर्ज वास्तविक नाम दिखाई देगा।
यह सुविधा मोबाइल नंबर या QR कोड स्कैन करने दोनों स्थितियों में लागू होगी। इसका उद्देश्य फर्जी भुगतान और ऑनलाइन धोखाधड़ी की घटनाओं को कम करना है।
कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी
तेल विपणन कंपनियों ने जून की शुरुआत के साथ 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं।

नई दरों के अनुसार:
• दिल्ली में कमर्शियल गैस सिलेंडर 42 रुपये महंगा हुआ।
• नई कीमत 3113.50 रुपये हो गई।
• 5 किलोग्राम वाले फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर की कीमत में भी 11 रुपये की बढ़ोतरी हुई।
• मध्य प्रदेश में कमर्शियल गैस सिलेंडर 44 रुपये महंगा हुआ।
• घरेलू 14.2 किलोग्राम वाले गैस सिलेंडर की कीमत में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।
15 जून तक जमा करनी होगी एडवांस टैक्स की पहली किस्त
करदाताओं के लिए जून का महीना महत्वपूर्ण रहने वाला है। वित्त वर्ष 2026-27 के लिए एडवांस टैक्स की पहली किस्त जमा करने की अंतिम तिथि 15 जून तय की गई है। जिन करदाताओं की अनुमानित टैक्स देनदारी 10 हजार रुपये से अधिक है, उन्हें कुल टैक्स का 15 प्रतिशत जमा करना होगा। समय पर भुगतान नहीं करने पर ब्याज देना पड़ सकता है।
ATM और PF से जुड़े नियमों में भी बदलाव संभव
इस महीने एटीएम इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को अपने बैंक के अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है। कई बैंक ट्रांजेक्शन चार्ज में बदलाव कर सकते हैं।

वहीं कर्मचारी भविष्य निधि (PF) से जुड़े नियमों में भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक जल्द ही यूपीआई के जरिए पीएफ राशि निकालने की सुविधा शुरू की जा सकती है। यदि यह लागू होता है तो लोगों को पीएफ निकासी प्रक्रिया में बड़ी राहत मिल सकती है।









