सिवनी/राकेश यादव संवाददाता/खबर डिजिटल/ विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 9 अगस्त को ग्राम कलारबाकी में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। आयोजन में 10,000 से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम की तैयारियों के मद्देनज़र बंडोल थाना प्रभारी मनोज जंगेला ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने आयोजकों से कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी ली तथा रैली के निर्धारित मार्ग का बारीकी से निरीक्षण किया।
आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक पूजा-अर्चना से होगी। इसके बाद रैली कलारबाकी वेयरहाउस से प्रारंभ होकर बस्ती मार्ग होते हुए मुख्य बस स्टैंड तक जाएगी और वहीं से वापस मुख्य कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेगी।
रैली के समापन के बाद रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। अंत में विशाल भंडारे के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। आयोजन को लेकर ग्रामीणों और आदिवासी समाज में उत्साह का माहौल है।









