कान्हीवाड़ा/खबर डिजिटल/वन्देवार संतोष/ श्री सत्य साई सेवा समिति के द्वारा समीपस्थ ग्राम (भटेखारी का ही पोषक ग्राम) अलीनगर में 14 जून को फ्री मेडिकल चैकअप का आयोजन किया गया है।
राष्ट्रपति की पहल पर जनजातीय महिलाओं में स्वास्थ्य एवं जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से देशव्यापी अभियान चलाया जा रहा है, जिसका क्रियान्वयन श्री सत्य साई सेवा समिति के माध्यम से किया जा रहा है। इस अभियान के तहत देशभर के 500 गांवों का चयन किया गया है, जिनमें अलीनगर भी शामिल है।
अलीनगर में लगभग 85 प्रतिशत जनजातीय आबादी निवास करती है। मुख्य सड़क से करीब 3 किलोमीटर दूर स्थित इस गांव में कुल 389 लोग रहते हैं, जिनमें 329 जनजातीय समुदाय से हैं। अभियान के तहत 12 जून को समिति के कार्यकर्ता घर-घर जाकर ग्रामीणों से संपर्क करेंगे और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एकत्रित करेंगे।
इसके बाद 14 जून (रविवार) को प्राथमिक शाला अलीनगर में निःशुल्क मेडिकल चेकअप शिविर आयोजित किया जाएगा, जहां ग्रामीणों के स्वास्थ्य संबंधी विवरण का पंजीयन किया जाएगा। यद्यपि यह योजना मुख्य रूप से महिलाओं एवं छोटे बच्चों को केंद्र में रखकर संचालित की जा रही है, फिर भी शिविर में सभी ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा।
श्री सत्य साई सेवा समिति के जिला संयोजक आधार पटले एवं हरिनखेड़े सर ने बताया कि देशभर में संचालित इस योजना के अंतर्गत भविष्य में मिलने वाले लाभों एवं आगामी गतिविधियों की जानकारी राष्ट्रीय स्तर से समय-समय पर प्रदान की जाएगी। शिविर में जिला चिकित्सालय सिवनी के विशेषज्ञ चिकित्सक उपस्थित रहेंगे और ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगे।









