सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी-- शहर की बहुप्रतीक्षित चौपाटी परियोजना को लेकर बुधवार को महापौर प्रीति संजीव सूरी ने निर्माणाधीन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एमआईसी सदस्यों एवं नगर निगम अधिकारियों के साथ निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान महापौर ने कहा कि चौपाटी निर्माण पूर्ण होने के बाद यह क्षेत्र शहरवासियों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र बनेगा, इसलिए निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्माण एजेंसी को कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश भी दिए।महापौर ने निर्माण स्थल पर यातायात एवं आसपास की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों से कहा कि नागरिकों की सुविधा प्रभावित न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाए।निरीक्षण के दौरान महापौर ने स्थल पर स्थित पुराने कुएं का भी जायजा लिया। कुएं में पानी नहीं होने पर उन्होंने उसकी साफ-सफाई कराकर उसे वाटर हार्वेस्टिंग संरचना के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षा जल संरक्षण वर्तमान समय की बड़ी आवश्यकता है और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जाना चाहिए।इस अवसर पर महापौर ने चौपाटी क्षेत्र में व्यवसाय कर रहे फूल-माला विक्रेताओं से चर्चा कर निर्माण कार्य के दौरान दुकानों को व्यवस्थित रूप से स्थानांतरित करने एवं सहयोग बनाए रखने की अपील की। उन्होंने आश्वस्त किया कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र की व्यवस्थाएं पहले से अधिक व्यवस्थित एवं बेहतर स्वरूप में विकसित की जाएंगी।निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, जयनारायण निषाद, सुरेंद्र गुप्ता, उमेंद्र अहिरवार, पार्षद शकुंतला सोनी, प्रभारी कार्यपालन यंत्री असित खरे, सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, उपयंत्री संजय मिश्रा, अतिक्रमण प्रभारी मनेंद्र सिंह बघेल एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
निर्माणाधीन चौपाटी पहुंचीं महापौर प्रीति सूरी, विकास कार्यों की प्रगति का लिया जायजा
Khabar Digital Desk
0 बार पढ़ा गया









