खबर digital news रिपोर्टर /कटनी/ शहर की सिटी चौपाटी, जहां हर शाम सैकड़ों परिवार, महिलाएं और बच्चे घूमने पहुंचते हैं, वहां सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत इसी चौपाटी पर बीते दिनों दो गंभीर चाकूबाजी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद आज तक यहां CCTV कैमरे नहीं लगाए गए।स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हुई घटनाओं के बाद पुलिस और संबंधित जिम्मेदार विभागों से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की उम्मीद थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नजर नहीं आया। ऐसे में लोगों के मन में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।मामले को लेकर एक और बड़ा सवाल इसलिए भी उठ रहा है क्योंकि चौपाटी के बाहर शराब की दुकान संचालित है। स्थानीय लोगों और सूत्रों का दावा है कि शराब दुकान के सामने नगर निगम द्वारा सब्जी विक्रेताओं के लिए बनाए गए हाकर जोन में कई बार खुलेआम शराब पीने की शिकायतें सामने आती रही हैं। यदि इन दावों में सच्चाई है, तो यह स्थिति भविष्य में कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बन सकती है।नागरिकों का कहना है कि जब शहर के सबसे व्यस्त सार्वजनिक स्थलों में से एक पर दो बार गंभीर वारदात हो चुकी है, तब वहां CCTV कैमरे लगाना, नियमित पुलिस गश्त बढ़ाना और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।अब सवाल यह है कि क्या किसी और बड़ी घटना का इंतजार किया जा रहा है? क्या सिटी चौपाटी आने वाले परिवारों और बच्चों की सुरक्षा केवल किस्मत के भरोसे छोड़ दी गई है? स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन और नगर निगम से मांग की है कि चौपाटी में तत्काल उच्च गुणवत्ता वाले CCTV कैमरे लगाए जाएं, नियमित पुलिस पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध या अनुचित गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि लोग बिना भय के अपने परिवार के साथ यहां समय बिता सकें।
कटनी की सिटी चौपाटी पर सुरक्षा भगवान भरोसे? दो-दो चाकूबाजी के बाद भी नहीं लगे CCTV कैमरे
Khabar Digital Desk
0 बार पढ़ा गया









