खबर digital news रिपोर्टर /कटनी- जिले के सरस्वाही स्थित माता शबरी कन्या शिक्षा परिषद में छात्राओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। छात्रावास में कथित रूप से दूषित भोजन और पानी के सेवन के बाद 20 से अधिक छात्राएं बीमार पड़ गईं। शनिवार से शुरू हुआ यह सिलसिला रविवार तक जारी रहा, जिससे हॉस्टल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एक छात्रा की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे जिला अस्पताल रेफर किए जाने की तैयारी की गई।बीमार छात्राओं ने सांस लेने में तकलीफ, सीने में तेज दर्द और अस्वस्थता की शिकायत की। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सभी छात्राओं का प्राथमिक उपचार शुरू किया।
प्रारंभिक तौर पर चिकित्सकों ने मामले को संदिग्ध फूड पॉइजनिंग से जोड़ते हुए भोजन और पेयजल के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।पहले शिकायतें, फिर बड़ी घटना! आखिर जिम्मेदार कौन?घटना के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। अरविंद सिंह टेकाम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग छात्रावास के बाहर एकत्र हुए और प्रबंधन तथा शिक्षा विभाग के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन कर रहे परिजनों का आरोप है कि छात्रावास में भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था को लेकर लंबे समय से शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उनका कहना है कि यदि समय रहते शिकायतों पर ध्यान दिया जाता तो इतनी छात्राओं की तबीयत नहीं बिगड़ती।
प्रशासन हरकत में, जांच शुरूघटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए हॉस्टल परिसर में पुलिस बल तैनात कर दिया है। अपर जिला पंचायत सीईओ सहित शिक्षा और खाद्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।प्रशासन का कहना है कि छात्राओं के उपचार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। वहीं, जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि भोजन, पानी या प्रबंधन की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों और वेंडर के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बड़ा सवाल
जब छात्रावास में पहले से भोजन और साफ-सफाई को लेकर शिकायतें मिल रही थीं, तो जिम्मेदार विभागों ने समय रहते निरीक्षण और सुधारात्मक कार्रवाई क्यों नहीं की? क्या इस घटना के बाद ही व्यवस्था जागेगी, या दोषियों पर वास्तव में कार्रवाई होगी?
इस मामले के सम्बन्ध मे एस डी एम कटनी को ज्ञापन देकर मामले की निष्पक्ष जाँच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की गई है
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट









