खबर digital News संवाददाता कटनी-- yoga day अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार की सुबह कटनी जिले में स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का अनूठा संगम देखने को मिला। जिले के स्कूलों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों और सरकारी संस्थानों में हजारों लोगों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर आयोजित कार्यक्रमों ने यह साबित कर दिया कि योग अब केवल परंपरा नहीं, बल्कि जनआंदोलन बन चुका है।जिला मुख्यालय के शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय माधवनगर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी, कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।मंत्री बोले – योग ने भारत को विश्व में नई पहचान दिलाईकार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज पूरी दुनिया योग दिवस मना रही है। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर और शांत मन का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने नागरिकों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।वहीं कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस भारत की सांस्कृतिक शक्ति और वैश्विक पहचान का प्रतीक बन चुका है। नियमित योग से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनता है।ताड़ासन से शवासन तक, योग की पूरी श्रृंखला का अभ्यासयोग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, शलभासन, पवनमुक्तासन सहित कई योगासन किए। इसके साथ ही कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और शीतली प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। अंत में ध्यान, संकल्प और शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।प्रधानमंत्री का संबोधन सुना, फिर लगाया ‘मां के नाम’ पौधाकार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने गंभीरता से सुना। योग सत्र के बाद प्रभारी मंत्री, कलेक्टर और एसपी ने विद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।स्वास्थ्य और संस्कार का संगम बना योग दिवसजिलेभर में आयोजित कार्यक्रमों ने यह संदेश दिया कि योग केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि निरोग और संतुलित जीवन का आधार है। सामूहिक योगाभ्यास में उमड़ी जनभागीदारी ने साबित कर दिया कि कटनी में योग के प्रति जागरूकता लगातार बढ़ रही है और लोग स्वस्थ भविष्य की ओर कदम बढ़ा रहे हैं।
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट mo. 9131308097









