कटनी संवाददाता सौरभ श्रीवास्तव
सब-हेडलाइन:--हेलमेट चेकिंग अभियान तेज, 89,500 रुपये से अधिक का समन शुल्क वसूला
खबर डिजिटल कटनी, 01 मई 2026 शहर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कटनी पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ दिया है। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष हेलमेट चेकिंग अभियान के तहत शुक्रवार को बिलहरी मोड़ पर व्यापक वाहन चेकिंग की गई, जिसमें 236 से अधिक वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की गई और 89,500 रुपये से अधिक का समन शुल्क वसूला गया।यह अभियान पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार 26 अप्रैल से 10 मई 2026 तक संचालित किया जा रहा है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया, एसडीएम प्रमोद चतुर्वेदी और डीएसपी शिवा पाठक की उपस्थिति में की गई। इस दौरान माधव नगर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे एवं यातायात पुलिस टीम सक्रिय रही।चेकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, बिना नंबर प्लेट, ट्रिपल राइडिंग, हेलमेट न पहनने जैसे गंभीर उल्लंघनों पर सख्ती दिखाई गई। कई वाहन चालकों ने जुर्माने से बचने के लिए तरह-तरह के बहाने बनाए, लेकिन पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए नियमों का पालन सुनिश्चित कराया।वहीं, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाते पाए जाने पर पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उनके परिजनों को मौके पर बुलाया और सख्त चेतावनी दी। अभिभावकों को स्पष्ट किया गया कि नाबालिगों को वाहन देना कानूनन अपराध होने के साथ-साथ उनके जीवन के लिए भी खतरनाक है।पुलिस का कहना है कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं में हेलमेट न पहनना एक बड़ा कारण है, जिसे ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।कटनी पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, नाबालिगों को वाहन न दें और शराब पीकर वाहन चलाने से बचें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई के साथ लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई भी की जाएगी।(समाप्त)









