सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी- शहर में लगातार बढ़ती ट्रैफिक अव्यवस्था और नो एंट्री में भारी वाहनों की आवाजाही अब आम जनता के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है। खासतौर पर चांडक चौक सहित शहर के कई प्रमुख मार्गों पर आए दिन लगने वाला लंबा जाम लोगों की दिनचर्या पर भारी पड़ रहा है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन की लापरवाही और नियमों की अनदेखी के कारण नो एंट्री के समय भी भारी भरकम ट्रक और अन्य वाहन शहर के भीतर धड़ल्ले से प्रवेश कर रहे हैं। यही वजह है कि चांडक चौक जैसे व्यस्त इलाकों में बार-बार जाम की स्थिति निर्मित हो रही है।बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम एक बार फिर चांडक चौक पर लंबा जाम लग गया, जहां वाहन चालकों और राहगीरों को घंटों फंसे रहना पड़ा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के दावे तो किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते नो एंट्री नियमों का सख्ती से पालन कराया जाता और भारी वाहनों पर कार्रवाई होती, तो शहर को इस समस्या से राहत मिल सकती थी।अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर कटनी की जनता को इस रोज-रोज के जाम से कब निजात मिलेगी? क्या प्रशासन सिर्फ कागजी कार्रवाई तक सीमित रहेगा या फिर शहर की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए ठोस कदम भी उठाए जाएंगे।
कटनी शहर जाम से बेहाल, नो एंट्री में भारी वाहनों की एंट्री बनी जनता के लिए सिरदर्द
Khabar Digital Desk
0 बार पढ़ा गया









