सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी-- माधवनगर क्षेत्र के ग्राम पड़रवारा स्थित शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के सामने वर्षों पुराने खेल मैदान पर अवैध अतिक्रमण और निर्माण कार्य का मामला सामने आया है। भ्रष्टाचार उन्मूलन संगठन द्वारा कलेक्टर जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है।शिकायत के अनुसार खसरा नंबर 32 की शासकीय भूमि, जिसका उपयोग पिछले 80 से 85 वर्षों से बच्चों और विद्यार्थियों के खेलकूद के लिए किया जाता रहा है, अब कथित रूप से कब्जे की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। आरोप है कि मैदान के चारों ओर लगभग 25 फीट ऊंची टीन शेड लगाकर क्षेत्र को बंद कर दिया गया है और अंदर पक्का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इतना ही नहीं, प्लॉट में बोरिंग कराए जाने की भी बात सामने आई है।स्थानीय लोगों और शिकायतकर्ताओं का कहना है कि जिस स्थान पर कभी बच्चे खेलते-कूदते थे, वहां अब निर्माण गतिविधियां चल रही हैं। इससे विद्यार्थियों के खेल मैदान खत्म होने का खतरा पैदा हो गया है। लोगों का आरोप है कि प्रशासन की अनदेखी के चलते सरकारी भूमि पर कब्जा कर लिया गया और जिम्मेदार विभाग मौन बने हुए हैं।शिकायत में यह भी कहा गया है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाली पीढ़ियों से उनका खेल मैदान छिन जाएगा। जनसुनवाई में कलेक्टर से मांग की गई है कि तत्काल अवैध निर्माण और अतिक्रमण पर रोक लगाकर शासकीय भूमि को मुक्त कराया जाए।अब देखना होगा कि प्रशासन बच्चों के खेल मैदान को बचाने के लिए कितनी तेजी से कार्रवाई करता है या फिर सरकारी जमीन पर कब्जे का खेल यूं ही चलता रहेगा।
खेल मैदान पर कब्जे का आरोप, बच्चों के भविष्य पर मंडराया खतरा
Khabar Digital Desk
0 बार पढ़ा गया









