मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में बलवाड़ा थाना प्रभारी पर विभागीय कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया गया है. यह कदम कथित अनुशासनहीनता और ड्यूटी में लापरवाही सामने आने के बाद उठाया गया. वहीं, एक दंपति के साथ अभद्र व्यवहार के आरोप में दो आरक्षकों को लाइन अटैच किया गया है.
बलवाड़ा थाना प्रभारी अनिल बामनिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित
पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि बलवाड़ा थाना प्रभारी अनिल बामनिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है. उनके खिलाफ शिकायत मिली थी कि दोपहिया वाहन से जा रहे एक दंपति के साथ गलत व्यवहार किया गया. मामले की जांच के दौरान कई गंभीर तथ्य सामने आए. जांच में पता चला कि थाना प्रभारी बिना वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दिए जिले से बाहर चले गए थे. इतना ही नहीं, वे 24 घंटे से ज्यादा समय तक थाने से भी अनुपस्थित रहे. पुलिस विभाग के अनुसार बिना अनुमति लंबे समय तक ड्यूटी से दूर रहना गंभीर लापरवाही माना जाता है. इसी आधार पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई.
इसके अलावा, दंपति के साथ उनके बच्चों के सामने कथित दुर्व्यवहार करने के आरोप में बलवाड़ा थाने में पदस्थ आरक्षक शुभम और योगेश पर भी कार्रवाई हुई है. दोनों को फिलहाल लाइन अटैच कर दिया गया है ताकि मामले की निष्पक्ष जांच की जा सके.पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूरे मामले की जांच बड़वाह के एसडीओपी को सौंपी गई है. जांच पूरी होने के बाद जो रिपोर्ट सामने आएगी, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी. पुलिस विभाग का कहना है कि अनुशासनहीनता और आम नागरिकों के साथ गलत व्यवहार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
यह भी पढ़ें- हर महीने 5000 तक पेंशन! जानिए Atal Pension Yojana की पूरी डिटेल, कौन और कैसे कर सकते हैं अपलाई
यह भी पढ़ें- MP में किसानों की बल्ले-बल्ले! भू-अर्जन संशोधन से यूं मिलेगा बंपर फायदा
यह भी पढ़ें- इस देश में टॉयलेट सीट की होती है पूजा, जानें हैरान कर देने वाली कहानी
यह भी पढें- New COVID Variant BA.3.2 Cicada: फिर कोरोना की एंट्री, जानें लक्षण और बचाव के तरीके









