खबर डिजिटल संवाददाता कटनी-- जिले को नशामुक्त बनाने की दिशा में कटनी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए 11.06 ग्राम स्मैक बरामद की है। जब्त स्मैक की अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है।लगातार मिल रही शिकायतों और सूचनाओं के आधार पर कोतवाली पुलिस बैलट घाट एवं खिरहनी फाटक क्षेत्र में विशेष निगरानी कर रही थी। इसी दौरान गश्त के समय पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया, जो पुलिस वाहन देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया।तलाशी के दौरान आरोपी के पास से स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसे यह मादक पदार्थ क्षेत्र की एक महिला द्वारा बिक्री के लिए उपलब्ध कराया जाता था और बदले में उसे कमीशन मिलता था। पुलिस ने आरोपी के बयान के आधार पर महिला सप्लायर को भी गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार महिला पूर्व में भी एनडीपीएस के मामलों में संलिप्त रही है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करी के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।कटनी पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस की तत्परता और प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने की दिशा में एक अहम कदम बताया है।
reported by saurabh shrivastava
9131308097









