श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने ब्रज जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक यात्रा पैकेज की शुरुआत की है. ‘विजिट माय स्टेट उत्तर प्रदेश’ अभियान के तहत उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने तीन दिन और दो रात का ‘कृष्ण लीला’ टूर पैकेज तैयार किया है. इस यात्रा के जरिए श्रद्धालु मथुरा, वृंदावन, गोकुल और बरसाना सहित भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के दर्शन कर सकेंगे.
लखनऊ से शुरू होगी धार्मिक यात्रा
इस विशेष यात्रा की शुरुआत लखनऊ से सुबह 8 बजे होगी. अधिकारियों के मुताबिक पैकेज का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुविधाजनक तरीके से ब्रज के प्रमुख लीलास्थलों तक पहुंचाना और प्रदेश में आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना है. सरकार का मानना है कि इस पहल से कृष्ण-ब्रज सर्किट को और मजबूती मिलेगी.
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि ‘कृष्ण लीला’ पैकेज ‘विजिट माय स्टेट उत्तर प्रदेश’ अभियान की व्यापक योजना का हिस्सा है. इसके जरिए प्रदेश की धार्मिक विरासत को देश और दुनिया के पर्यटकों तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि ब्रज क्षेत्र में लगातार बढ़ रही पर्यटकों की संख्या इसकी लोकप्रियता को दर्शाती है.
करोड़ों श्रद्धालु पहुंच रहे ब्रज
आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में मथुरा में 10.24 करोड़ से अधिक श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचे थे. वहीं ब्रज रंगोत्सव 2025 में 44 लाख से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया. वर्ष 2026 के शुरुआती तीन महीनों में ही करीब 1.90 करोड़ पर्यटक ब्रज क्षेत्र पहुंच चुके हैं. इससे साफ है कि ब्रज देश के प्रमुख आध्यात्मिक पर्यटन केंद्रों में तेजी से अपनी पहचान मजबूत कर रहा है.
पैकेज में मिलेंगी कई सुविधाएं
यात्रियों के लिए वातानुकूलित सेडान और क्रिस्टा वाहनों की व्यवस्था की गई है. सेडान श्रेणी में प्रति व्यक्ति पैकेज की कीमत 10,400 रुपये रखी गई है, जबकि क्रिस्टा वाहन के लिए प्रति व्यक्ति 10,150 रुपये शुल्क निर्धारित है. दोनों विकल्पों में कम से कम दो यात्रियों की बुकिंग अनिवार्य होगी.
पैकेज में ठहरने की सुविधा, नाश्ता, जलपान, हाई-टी, प्रशिक्षित गाइड और स्थानीय दर्शनीय स्थलों का भ्रमण शामिल है. हालांकि दोपहर और रात के भोजन का खर्च यात्रियों को स्वयं उठाना होगा.
पहले दिन वृंदावन के प्रमुख मंदिरों के दर्शन
यात्रा के पहले दिन श्रद्धालुओं को वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर, रंगजी मंदिर, निधिवन, वैष्णो देवी मंदिर, अक्षय पात्र मंदिर और प्रेम मंदिर ले जाया जाएगा.
दूसरे दिन मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि, द्वारकाधीश मंदिर, विश्राम घाट, भूतेश्वर महादेव मंदिर, गोवर्धन धाम, संग्रहालय, गीता मंदिर, पोतरा कुंड और गोकुल गांव का भ्रमण कराया जाएगा.
तीसरे दिन बरसाना में दर्शन
यात्रा के अंतिम दिन श्रद्धालुओं को बरसाना स्थित राधारानी मंदिर के साथ इस्कॉन मंदिर और श्री राधा दामोदर मंदिर में दर्शन का अवसर मिलेगा. इसके बाद यात्रियों को लखनऊ के लिए रवाना किया जाएगा.
यूपीएसटीडीसी के अध्यक्ष अमृत अभिजात ने बताया कि पैकेज को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर आध्यात्मिक अनुभव को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. उनका कहना है कि इस पहल से ब्रज सर्किट को देश-विदेश में नई पहचान मिलेगी और उत्तर प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा.









