सिवनी/ राकेश यादव संवाददाता/ कुरई पुलिस ने ग्राम मोहगांव सड़क में सूने मकान में हुई नकबजनी का खुलासा करते हुए महाराष्ट्र के 2 अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से 11 लाख 70 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 24 सितंबर की रात राहुल राय के सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर सोने-चांदी के जेवरात व नगदी चोरी कर ले गए थे। कुरई पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्य व मुखबिर की सूचना पर पता चला कि आरोपी काले रंग की एक्टिवा से जेवर बेचने बालाघाट जा रहे हैं।
सूचना पर पुलिस ने ग्राम रिड्डी के पास नाकाबंदी कर एक्टिवा क्रमांक MH-40-DA-5877 को रोका। पूछताछ में दोनों ने चोरी कबूल की। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।









