कटनी खबर डिजिटल --कुठला थाना परिसर में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब इंद्रानगर निवासी दलपत पटेल ने कथित तौर पर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। देखते ही देखते वह आग की लपटों में घिर गया। थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल आग बुझाई और गंभीर रूप से झुलसे दलपत को जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर उसे जबलपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।बताया जा रहा है कि दलपत पटेल का बेटा मोहित पटेल इंद्रानगर में हुई चोरी के एक मामले में पुलिस की गिरफ्त में है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान चोरी के जेवर एक सोनी के यहां बेचे जाने की जानकारी सामने आई थी। पुलिस इसी मामले में बरामदगी और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही थी।पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान दलपत की पत्नी गुड्डी पटेल की भूमिका भी सामने आई थी। इसी सिलसिले में उसे पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था। शुक्रवार को दलपत भी थाने पहुंचा। इसी दौरान थाना परिसर में उसने खुद को आग लगा ली।पत्नी ने दिखाए चोट के निशान, पुलिस पर लगाए आरोपघटना के बाद दलपत की पत्नी गुड्डी पटेल ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का दावा है कि उसके साथ पुलिसकर्मियों ने मारपीट की। उसने अपने पैर पर चोट के निशान भी मीडिया को दिखाए। महिला से बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। हालांकि वीडियो और लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।बेटे ने कहा- पिता को थाने में आग लगीमृतक के बेटे महेंद्र पटेल ने भी पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी मां को पुलिस पूछताछ के लिए लेकर गई थी और उसके पिता उनसे मिलने थाने पहुंचे थे। महेंद्र के अनुसार, पिता जब झुलसी हालत में बाहर आए तो उन्होंने पुलिसकर्मियों पर आग लगाने का आरोप लगाया। हालांकि पुलिस की ओर से लगाए गए इन आरोपों की पुष्टि नहीं की गई है।पत्रकार के मोबाइल को लेकर भी विवादघटना के बाद महिला से जानकारी लेने के दौरान पत्रकार के मोबाइल को लेकर पुलिसकर्मियों द्वारा कथित रूप से छीना-झपटी किए जाने की बात भी सामने आई है। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। मामले की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।थाना परिसर में आग लगने से उठे सवालथाना परिसर में एक व्यक्ति के खुद को आग लगाने और बाद में उसकी मौत होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और घटनाक्रम को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। वहीं परिजन पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।अब जांच में यह स्पष्ट होना है कि दलपत पटेल के पास पेट्रोल कैसे पहुंचा, थाना परिसर में आग लगाने से पहले क्या घटनाक्रम हुआ और उसके बाद पुलिस की ओर से क्या कार्रवाई की गई। इन सवालों के जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेंगे।
थाने में अधेड़ ने खुद को लगाई आग, जबलपुर में इलाज के दौरान मौतबेटे के चोरी के मामले में पूछताछ के बीच हुआ घटनाक्रम, पत्नी ने पुलिस पर मारपीट का लगाया आरोप
Khabar Digital Desk
0 बार पढ़ा गया









