मध्य प्रदेश की लोकप्रिय लाड़ली बहना योजना की 36वीं किस्त को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 मई को नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव विधानसभा क्षेत्र के मुंगवानी गांव से योजना की अगली राशि महिलाओं के खातों में ट्रांसफर करेंगे. यह राशि सिंगल क्लिक के जरिए सीधे लाभार्थी बहनों के बैंक खातों में भेजी जाएगी. कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और भाजपा संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं.
इस दिन जारी होगी 36वीं किस्त
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे से पहले गोटेगांव विधायक महेंद्र नागेश, कलेक्टर रजनी सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने सभा स्थल, हेलिपैड, पार्किंग और यातायात व्यवस्था का जायजा लेकर जरूरी निर्देश दिए. सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है.
इतने महिलाओं को मिल रहा लाभ
लाड़ली बहना योजना के तहत प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जा रही है. वर्तमान में लाभार्थी महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह की राशि मिल रही है. योजना शुरू होने के बाद से अब तक सरकार 54 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि महिलाओं के खातों में भेज चुकी है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का कहना है कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और यह योजना उसी दिशा में बड़ा कदम साबित हो रही है. योजना से जुड़ी महिलाओं को गैस सिलेंडर में भी राहत दी जा रही है. प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और अन्य पात्र महिलाओं को 450 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है. सरकार अब तक गैस रीफिल सब्सिडी के रूप में 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी कर चुकी है.
आष्टा में जारी की गई थी 35वीं किस्त
इससे पहले सीहोर जिले के आष्टा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने योजना की 35वीं किस्त जारी की थी. उस दौरान 1.25 करोड़ से अधिक महिलाओं के खातों में 1836 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि ट्रांसफर की गई थी. मुख्यमंत्री ने उस मौके पर कहा था कि प्रदेश में हर महीने रक्षाबंधन जैसा माहौल बन रहा है क्योंकि सरकार लगातार मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए काम कर रही है. महिलाएं अपनी किस्त की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आसानी से चेक कर सकती हैं. इसके लिए उन्हें आवेदन और भुगतान स्थिति वाले विकल्प में जाकर समग्र आईडी या रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करना होगा. OTP सत्यापन के बाद भुगतान की पूरी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई दे जाएगी.
यह भी पढ़ें- हर महीने 5000 तक पेंशन! जानिए Atal Pension Yojana की पूरी डिटेल, कौन और कैसे कर सकते हैं अपलाई
यह भी पढ़ें- MP में किसानों की बल्ले-बल्ले! भू-अर्जन संशोधन से यूं मिलेगा बंपर फायदा
यह भी पढ़ें- इस देश में टॉयलेट सीट की होती है पूजा, जानें हैरान कर देने वाली कहानी
यह भी पढें- New COVID Variant BA.3.2 Cicada: फिर कोरोना की एंट्री, जानें लक्षण और बचाव के तरीके









