MP Politics: मध्यप्रदेश भाजपा में नियुक्तियों को लेकर लॉबिंग और नेताओं की जोर आजमाइश का एक हाई-वोल्टेज मामला सामने आया है। इंदौर जिला भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष पद की ताजपोशी को लेकर अंचल के कद्दावर मंत्रियों और विधायकों ने अपने-अपने समर्थकों को कुर्सी दिलाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। इस मलाईदार पद के लिए दावेदारों की संख्या 9 के पार पहुंच चुकी है, जिसने संगठन में हलचल मचा दी है।
3 नामों का था नियम, भेज दिए 6
प्रदेश भाजपा संगठन की गाइडलाइन के मुताबिक, जिला अध्यक्ष को केवल 3 नामों का ही पैनल बनाकर ऊपर भेजना था। लेकिन अपने-अपने चहेतों को फिट करने के विधायकों के दबाव के चलते जिला भाजपा अध्यक्ष श्रवण चावड़ा की मुश्किलें बढ़ गईं। किसी भी विधायक या मंत्री को बुरा न लगे और बगावत न हो, इसके लिए जिला अध्यक्ष चावड़ा ने बीच का रास्ता निकालते हुए 3 के बजाय 6 प्रबल दावेदारों की सूची बनाकर प्रदेश हाईकमान को सौंप दी है।
अध्यक्ष पद के 6 दावेदार
महू : सुनील गहलोत
महू : सत्यनारायण परमार
महू : जिंतेंद्र चौहान
सांवेर : जितेन्द्र आंजना
सांवेर : मुकेश पटेल
राऊ : शिवा डिंगू
अंदरूनी समीकरण
महू अंचल से 3 दावेदारों के नाम सामने आने से त्रिकोणीय जंग देखी जा रही है, जहां संगठन की पसंद जितेंद्र चौहान और उषा ठाकुर के समर्थकों के बीच टकराव साफ नजर आ रहा है। वहीं सांवेर में मंत्री सिलावट ने दो नाम आगे बढ़ाकर अपनी कमान मजबूत रखी है। राऊ से शिवा डिंगू के लिए जीतू जिराती ने पूरी ताकत लगा दी है।









