उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती में शामिल कराने के नाम पर श्रद्धालुओं से कथित अवैध वसूली का केस सामने आया है। जांच में ऐसे कई मामलों की जानकारी मिली है, जिनमें श्रद्धालुओं से अनुमति दिलाने के बदले ज्यादा पैसे लेने की शिकायत की गई है। मामले सामने आने के बाद मंदिर प्रशासन और पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
निरीक्षण के दौरान सामने आई शिकायतें
शुक्रवार तड़के मंदिर प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक ने मंदिर परिसर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ आरती में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं से बातचीत भी की।

निरीक्षण के दौरान कई प्रवेश मार्गों से पहुंचे श्रद्धालुओं की अनुमति प्रक्रिया और प्रवेश व्यवस्था की जांच की गई। इसी दौरान 3 श्रद्धालुओं ने बताया कि उनसे भस्म आरती में शामिल कराने के लिए प्रति व्यक्ति 2500 रुपए लिए गए थे।
अवैध वसूली की शिकायत पर दर्ज हुई FIR
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की। शिकायत के आधार पर महाकाल थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि श्रद्धालुओं से राशि वसूलने वाले लोग कौन थे और यह रकम किस माध्यम से ली गई।
प्रोटोकॉल एंट्री को लेकर भी जांच जारी
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, भस्म आरती की अनुमति किसी कथित हिंदू संगठन के नाम से प्रोटोकॉल के जरिए कराई गई थी। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस पूरी प्रक्रिया में किसकी भूमिका थी और पैसे आखिर किस तक पहुंचे। प्रशासन पूरे नेटवर्क और संबंधित लोगों की पहचान करने में जुटा हुआ है।
ये खबर भी पढ़िए..









