मैहर/खबर डिजिटल।/ मध्यप्रदेश के मैहर जिले के करही स्थित शासकीय पीएमश्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में एक वीडियो सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो को लेकर आरोप लगाया जा रहा है कि दलित समाज से आने वाले पूर्व प्राचार्य रामसखा वर्मा (कोरी) के सेवानिवृत्त होने के बाद नए प्रभारी प्राचार्य ने पदभार ग्रहण करने से पहले कार्यालय कक्ष का गौमूत्र और गंगाजल से शुद्धिकरण किया। जानकारी के मुताबिक रामसखा वर्मा 30 सितंबर को सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद प्रभारी प्राचार्य के रूप में रामसखेंद्र द्विवेदी ने जिम्मेदारी संभाली। इसी दौरान कथित शुद्धिकरण का वीडियो सामने आने के बाद मामला विवादों में आ गया।
भीम आर्मी ने जताई आपत्ति
भीम आर्मी कार्यकर्ता सिद्धार्थ नालंदा ने घटना को दलित समाज के अपमान से जोड़ते हुए प्रभारी प्राचार्य के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। मंगलवार को संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने विद्यालय के मुख्य द्वार पर पहुंचकर करीब एक घंटे तक प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पूरे मामले की जांच कराने और जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद तहसीलदार रोशनलाल रावत मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की।
मालवा-निमाड़ के दौरे पर हेमंत खंडेलवाल… बैठकों के जरिए संगठन की मजबूती पर जोर
प्रभारी प्राचार्य ने आरोपों को बताया निराधार
वहीं प्रभारी प्राचार्य रामसखेंद्र द्विवेदी ने जातिगत भेदभाव के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। उनका कहना है कि पूरे मामले में जाति का एंगल जोड़ना सही नहीं है। द्विवेदी के मुताबिक विद्यालय में पुरानी परंपरा के अनुसार मां सरस्वती की पूजा की गई थी। पूजा-पाठ के दौरान जिस प्रकार शुद्धि के लिए जल का छिड़काव किया जाता है, उसी तरह उन्होंने भी अपने ऊपर जल का छिड़काव किया था। उन्होंने इसे किसी व्यक्ति या समुदाय से जोड़कर देखने से इनकार किया।
पूर्व प्राचार्य के सम्मान में हुआ था विदाई समारोह
प्रभारी प्राचार्य ने यह भी कहा कि पूर्व प्राचार्य रामसखा वर्मा की सेवानिवृत्ति पर विद्यालय में पूरे सम्मान के साथ विदाई समारोह आयोजित किया गया था। उन्होंने दावा किया कि रामसखा वर्मा ने ही उन्हें प्राचार्य का प्रभार सौंपा था। फिलहाल वीडियो को लेकर लगाए जा रहे आरोपों और प्रभारी प्राचार्य के स्पष्टीकरण के बीच मामला चर्चा में है। प्रदर्शन के बाद प्रशासन की ओर से दोनों पक्षों से बातचीत की गई है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर तय होने की संभावना है।
महाकाल की नगरी में पितरों का तर्पण करेगी नाजिया इलाही खान… गोमूत्र का सेवन करने का भी किया दावा









