मैहर। अमरपाटन के खरामसेड़ा गांव में शुक्रवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। कुएं में गिरे एक बैल को बचाने के प्रयास में चार ग्रामीण एक-एक कर कुएं में उतर गए। कुएं के भीतर जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण चारों बेहोश हो गए। ग्रामीणों ने सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तीन लोगों की जान नहीं बच सकी। एक ग्रामीण की हालत गंभीर होने पर उसे सतना जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
बैल को बचाने के लिए कुएं में उतरे थे ग्रामीण
जानकारी के अनुसार खरामसेड़ा गांव के अहिरान टोला स्थित एक कुएं में शुक्रवार को एक बैल गिर गया था। बैल को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रात करीब 8:30 बजे गांव के दो युवक रस्सी के सहारे करीब 35 फीट गहरे कुएं में उतरे।
कुछ देर तक दोनों की आवाज आती रही, लेकिन अचानक उनकी आवाज बंद हो गई। इससे बाहर मौजूद ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई।
साथियों को बचाने उतरे दो और लोग भी बेहोश
अमरपाटन थाना प्रभारी विजय सिंह पारस्ते के मुताबिक, पहले दो युवकों को अचेत होता देख उन्हें बचाने के लिए दो अन्य ग्रामीण भी बिना किसी सुरक्षा उपकरण के कुएं में उतर गए। लेकिन कुएं के अंदर मौजूद जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण वे भी बेहोश हो गए। इस तरह चारों ग्रामीण एक-एक कर कुएं के भीतर फंस गए।
ग्रामीणों ने चलाया बचाव अभियान
जब काफी देर तक कुएं के अंदर से कोई हलचल नहीं हुई, तो गांव के लोगों ने रस्सियों और कांटों की मदद से चारों ग्रामीणों को बाहर निकाला। इसके बाद तत्काल डायल-112 पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अमरपाटन सिविल अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में तीन लोगों को मृत घोषित किया गया
अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने तीन ग्रामीणों को मृत घोषित कर दिया। एक अन्य व्यक्ति की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए सतना जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
डॉक्टरों का प्रारंभिक अनुमान है कि कुएं में घुटनों तक पानी था और अंदर जहरीली गैस जमा होने या ऑक्सीजन की कमी के कारण दम घुटने से यह हादसा हुआ।
ये खबर भी पढ़ें..









