शिवपुरी/अनुज बालोटिया/खबर डिजिटल/ जिले के पोहरी नगर परिषद अंतर्गत वार्ड क्रमांक 06 स्थित कटरा मोहल्ला में उस समय हड़कंप मच गया, जब करीम खांन पिता गफूर खांन के मकान में अज्ञात कारणों से अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही देखते-ही-देखते उसने विकराल रूप धारण कर लिया और घर में रखा कीमती सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया।
घरेलू उपकरणों को हुआ भारी नुकसान
आग की चपेट में आकर कमरे में रखा फ्रिज, कूलर, एलसीडी टीवी, छत का पंखा, बेड सहित अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग इतनी तेज थी कि पूरे कमरे में कालिख जम गई, जिससे मकान को भी नुकसान पहुंचा है। इस हादसे में पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी।
धुएं और लपटों से मचा हड़कंप
आग की लपटें और घना धुआं उठता देख मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया। गनीमत यह रही कि समय रहते सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
पुलिस ने किया मौके का निरीक्षण
घटना की सूचना मिलते ही पोहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद पीड़ित करीम खान ने पोहरी थाने में आगजनी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं मोहल्लेवासियों ने पीड़ित परिवार की मदद के लिए विधायक स्वेच्छा निधि से आर्थिक सहायता की मांग की है।









