उपशीर्षक:1.92 करोड़ की लागत से बनेगा जी+2 आधुनिक विद्यालय भवनविद्यार्थियों को मिलेंगी स्मार्ट क्लास, लैब और आधुनिक सुविधाएँ
सौरभ श्रीवास्तव//खबर डिजिटल कटनी, -- नगर निगम प्रशासन द्वारा शहर के शासकीय विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में ए. रविन्द्र राव उच्चतर माध्यमिक शाला में 1 करोड़ 92 लाख रुपये से अधिक की लागत से सर्वसुविधायुक्त जी+2 (प्लस टू) स्कूल भवन का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है।निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समय-सीमा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महापौर प्रीति संजीव सूरी ने मंगलवार को मेयर इन काउंसिल सदस्यों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन भवन का विस्तृत निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान महापौर ने निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर एवं उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को जल्द से जल्द बेहतर सुविधाएं मिल सकें।महापौर ने बताया कि भवन पूर्ण होने के बाद विद्यालय में कक्षाओं की संख्या बढ़ेगी। साथ ही विद्यार्थियों के लिए स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक पुस्तकालय, अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब, सुरक्षित पेयजल व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय और खेलकूद की समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।उन्होंने कहा कि कम शुल्क में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना उनका संकल्प है, जो शीघ्र ही साकार होगा। यह जी+2 स्तर का आधुनिक भवन न केवल विद्यालय के शैक्षणिक स्तर को ऊंचा उठाएगा, बल्कि आसपास के क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी बेहतर शिक्षा के अवसर प्रदान करेगा।इस अवसर पर मेयर इन काउंसिल सदस्य सुभाष शिब्बू साहू, जयनारायण निषाद, बीना बैनर्जी, उमेंद्र अहिरवार, पूर्व पार्षद कमलेश चौधरी, प्रभारी कार्यपालन यंत्री असित खरे, प्रभारी सहायक यंत्री सुनील सिंह, उपयंत्री संजय मिश्रा एवं विद्यालय के प्राचार्य मनोज चौधरी उपस्थित रहे।यह परियोजना क्षेत्र के विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।









