खबर डिजिटल संवाददाता कटनी-- जिले में रेत माफियाओं और अवैध खनिज कारोबारियों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा शिकंजा कसते हुए तीन भारी वाहनों को जब्त किया है। कलेक्टर आशीष तिवारी के सख्त निर्देशों के बाद खनिज विभाग ने रातभर विशेष अभियान चलाकर उन वाहनों को पकड़ा जो नियमों को धता बताते हुए ओवरलोड रेत का परिवहन कर रहे थे।खनिज विभाग की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जिन वाहनों के पास ई-ट्रांजिट पास (ईटीपी) मौजूद थे, उनमें दर्ज मात्रा और वास्तविक परिवहन की जा रही रेत में भारी अंतर पाया गया। यानी कागजों में कुछ और, जमीन पर कुछ और। इस गड़बड़ी के सामने आते ही विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो डंपर और एक हाइवा को जब्त कर लिया।जानकारी के अनुसार ग्राम जोहिला क्षेत्र में की गई सघन चेकिंग के दौरान हाइवा क्रमांक CG-04-PB-6082 तथा डंपर MP-21-G-0686 और MP-21-H-0720 को रोका गया। जांच में तीनों वाहनों में निर्धारित सीमा से अधिक रेत भरी मिली। कार्रवाई के बाद सभी वाहनों को जब्त कर एनकेजे थाना परिसर में खड़ा कराया गया है।उप संचालक खनिज रत्नेश दीक्षित ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार निगरानी की जा रही है। किसी भी स्तर पर नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि खनिज संपदा की चोरी और राजस्व को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।जब्त वाहनों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। अब इन मामलों को आगे की सुनवाई और दंडात्मक कार्रवाई के लिए कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।प्रशासन ने साफ संकेत दे दिया है कि जिले में अवैध खनिज कारोबार, ओवरलोडिंग और फर्जी दस्तावेजों के सहारे चल रहे खेल पर अब ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति लागू है। रेत माफियाओं के खिलाफ यह कार्रवाई आने वाले दिनों में और बड़े अभियान का संकेत मानी जा रही है।
खनिज माफियाओं पर चला प्रशासन का बुलडोजर! रेत की कालाबाजारी में तीन भारी वाहन जब्तई-ट्रांजिट पास में हेराफेरी, ओवरलोड रेत लेकर दौड़ रहे थे डंपर और हाइवा, कलेक्टर के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई
Khabar Digital Desk
0 बार पढ़ा गया









