MP Politics: मध्यप्रदेश की सियासत में चुनौतियों और पलटवार का दौर अब अपने चरम पर पहुंच गया है। इंदौर में एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान सूबे के कद्दावर नेता और नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को आड़े हाथों लेते हुए उन पर बड़ा हमला बोला है। मंत्री विजयवर्गीय ने जीतू पटवारी के उस बयान पर जवाब दिया, जिसमें पटवारी ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को उज्जैन दक्षिण सीट से दोबारा चुनाव जीतकर दिखाने की चुनौती दी थी।
पहले खुद की कमान संभालो
कैलाश विजयवर्गीय ने दोटूक कहा, जीतू भाई, आप दूसरों को क्या चुनौती दे रहे हैं? पहले आप जहां रहते हैं, वहां से खुद जीतकर तो दिखाइए। अभी पिछले चुनाव में तो जनता ने आपको 30 हजार वोटों से मात दी है। मंत्री ने आगे दावा करते हुए कहा कि आगामी चुनाव में पटवारी कितने वोटों से हारेंगे, इसका अंदाजा लगाना भी मुश्किल है, शायद वे डरकर मैदान ही छोड़ दें। विजयवर्गीय ने यह तक कहा की उन्होंने सुना है जीतू पटवारी अपने लिए अब कोई दूसरी सुरक्षित सीट तलाश रहे हैं।
आंगनबाड़ियों की सुधरेगी सूरत
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इस दौरान इंदौर में 27 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इस दौरान वे एक आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे, जहां वे बच्चों के साथ मस्ती और अठखेलियां करते हुए अंदाज में नजर आए। इस दौरान कैलाश विजयवर्गीय ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों के भविष्य से कोई समझौता नहीं होगा। आंगनबाड़ी केंद्रों को हाई-टेक बनाया जाएगा और वहां मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता सर्वोत्तम रखना हमारी पहली प्राथमिकता है।









