डिंडोरी /खबर डिजिटल /शैलेश नामदेव/ डिंडौरी, ग्रामीण अंचलों में बुनियादी सुविधाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के संकल्प के साथ शहपुरा विधानसभा क्षेत्र में एक बड़े विकास अभियान का आगाज हुआ है। क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे ने विभिन्न ग्राम पंचायतों का सघन दौरा कर लगभग ₹80 लाख की लागत से होने वाले कार्यों का भूमिपूजन व शिलान्यास किया।
विकास कार्यों की इस श्रृंखला में ग्राम पंचायत दल्का खम्हरिया को ₹37 लाख की लागत से बनने वाले नवीन एवं आधुनिक पंचायत भवन की सौगात मिली है। इस नए भवन के निर्माण से ग्रामीणों को एक ही छत के नीचे सभी शासकीय योजनाओं का लाभ मिल सकेगा और प्रशासनिक कार्यों में सुगमता आएगी।
इसके साथ ही अन्य ग्राम पंचायतों में भी अधोसंरचना को गति दी गई है, जिसके तहत इन कार्यों का भी शुभारंभ हुआ।
आवागमन को सुगम बनाने के ग्राम पिपरिया के लिए ₹10 लाख की लागत से सीसी रोड का निर्माण।
ग्राम कहेंजरा: ₹6 लाख की लागत से आंतरिक मार्ग के लिए सीसी रोड का शिलान्यास।
ग्राम रावणकुंड: सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजनों को बढ़ावा देने के लिए ₹2 लाख की लागत से सर्वसुविधायुक्त रंगमंच का निर्माण।
ग्राम पंचायत सरई: बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल देने के लिए नवीन प्राथमिक शाला भवन का निर्माण।

भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान विशाल जनसमुदाय को संबोधित करते हुए विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास और अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
विधायक व पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा - "सड़क, शिक्षा, पंचायत भवन और सामुदायिक अधोसंरचना किसी भी क्षेत्र की प्रगति की धुरी होते हैं। इन निर्माण कार्यों के पूरे होने से ग्रामीणों का जीवन स्तर बेहतर होगा और क्षेत्र के विकास को नई ऊर्जा मिलेगी।"
विधायक ने कार्यक्रम में मौजूद विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों को सख्त लहजे में हिदायत दी कि सभी निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और इन्हें तय समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से पूरा किया जाए ताकि जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए विकास कार्यों के शुभारंभ के अवसरों पर भारी संख्या में ग्रामीण जन और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका आर्मो, श्री बद्री प्रसाद साहू, श्री दुर्गेश साहू, श्री हिरेंद्र मरावी, मंडल महामंत्री श्री राजेंद्र तिवारी, सहित भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।









