MP Samvida Karmchari Salary Hike: मध्य प्रदेश के संविदा अधिकारी-कर्मचारियों के लिए जून महीने की शुरुआत खुशखबरी के साथ हुई है। प्रदेश के सवा लाख से अधिक संविदा कर्मियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए राज्य सरकार के वित्त विभाग ने उनके वेतन में 4.46 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि को हरी झंडी दे दी है। सरकार की इस बड़ी सौगात के बाद संविदा कर्मचारियों के मासिक मानदेय में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
1 अप्रैल से प्रभावी होंगी नई दरें
संविदा कर्मियों के पारिश्रमिक में की गई यह 4.46% की सालाना बढ़ोतरी चालू वित्तीय वर्ष में 1 अप्रैल 2026 से लागू मानी जाएगी। इसका सीधा मतलब यह है कि कर्मचारियों को अप्रैल और मई महीने का एरियर भी उनके खाते में ट्रांसफर किया जाएगा। मध्य प्रदेश शासन, सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 22 जुलाई को जारी की गई संविदा नीति की कंडिका 4.3 के प्रावधानों के तहत यह इजाफा किया गया है।
कर्मचारियों को कितना होगा फायदा?
इस आदेश के बाद संविदा स्तर पर काम कर रहे भृत्य, क्लर्क, कंप्यूटर ऑपरेटर से लेकर तकनीकी विशेषज्ञों और क्लास-टू संविदा अधिकारियों तक की सैलरी में बड़ा जंप आएगा। इस बढ़ोतरी के चलते संविदा कर्मचारियों और अधिकारियों के मासिक वेतन में न्यूनतम 500 रुपये से लेकर 3500 रुपये प्रति माह तक का इजाफा देखने को मिलेगा।










