Khilchipur Hadsa: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मानसून की दस्तक और शुरुआती हलचलों के बीच एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है। जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बामन में बुधवार को एक कुएं के अंदर काम करने के दौरान अचानक भारी मात्रा में मिट्टी भरभरा कर ढह गई। इस हादसे में कुएं के अंदर मौजूद सास और बहू दोनों मलबे के नीचे दब गईं। घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया है। दोनों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए प्रशासनिक अमला युद्धस्तर पर महा-रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहा है।
तरल मिट्टी बनी मुसीबत
मीडिया की खबरों के अनुसार बामन गांव का यह परिवार अपने कुएं के निर्माण कार्य के तहत पानी की तराई कर रहा था। इसी दौरान कुएं के मुहाने के पास की ऊपरी मिट्टी अचानक धंस गई। कुएं में काम कर रही सास और बहू को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे टन वजनी मिट्टी के मलबे के नीचे समा गईं।
JCB से हटाई जा रही है मिट्टी
चीख-पुकार सुनकर मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर बचाव कार्य शुरू किया और प्रशासन को सूचना दी। वर्तमान में मौके पर तीन जेसीबी मशीनें बुलाई गई हैं, जिनकी मदद से कुएं के अंदर से लगातार धंस रही मिट्टी को बाहर निकाला जा रहा है।
मौके पर SDM और तहसीलदार
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय एसडीएम और तहसीलदार पुलिस बल के साथ ग्राम बामन पहुंचे। अधिकारी खुद खड़े होकर रेस्क्यू ऑपरेशन की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। कुएं की गहराई और लगातार धंस रही मिट्टी के खतरे को देखते हुए राजगढ़ जिला मुख्यालय से होमगार्ड की आपदा प्रबंधन और रेस्क्यू टीम को तत्काल बामन गांव के लिए रवाना कर दिया गया है।









