मध्यप्रदेश भाजपा के नए प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने भोपाल पहुंचते ही पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठकों का दौर शुरू कर दिया है. बुधवार को उन्होंने भाजपा प्रदेश कार्यालय में 17 सदस्यीय कोर ग्रुप की अहम बैठक ली, जिसमें सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर मुख्य रूप से चर्चा हुई. बैठक के दौरान देब ने उन विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी को दोबारा मजबूत करने का रोडमैप तैयार करने को कहा, जहां पिछले चुनावों में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था.
भोपाल दौरा: दिग्गज नेताओं की मौजूदगी और सिंधिया-मिश्रा की गैरहाजिरी
प्रभारी बनने के बाद बिप्लब देब पहली बार दो दिवसीय दौरे पर मध्य प्रदेश पहुंचे हैं, जहां सह-प्रभारी रेखा वर्मा भी उनके साथ रहीं. प्रदेश भाजपा कार्यालय में मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने देब, रेखा वर्मा तथा नवनियुक्त प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर का स्वागत किया. कोर ग्रुप की इस बैठक में मुख्यमंत्री के अलावा केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, कैलाश विजयवर्गीय, प्रह्लाद पटेल और राकेश सिंह जैसे वरिष्ठ नेता शामिल हुए. हालांकि, पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया इसमें शामिल नहीं हो सके. सिंधिया अन्य व्यस्तताओं के कारण नहीं आ पाए, जबकि नरोत्तम मिश्रा की पत्नी के घुटने का ऑपरेशन होने के कारण उन्हें पारिवारिक मेडिकल इमरजेंसी में रुकना पड़ा.
भविष्य की रणनीति और नियमित समीक्षा की योजना
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि चर्चा का मुख्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर व्यक्ति तक पहुंचाना और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना रहा. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी, जबकि खंडेलवाल ने आगामी संगठनात्मक गतिविधियों की रूपरेखा सामने रखी. देब ने स्पष्ट किया कि पार्टी किन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी, इसकी नियमित समीक्षा आगामी महीनों की कोर ग्रुप बैठकों में की जाएगी.
दलित कार्यकर्ता के घर भोजन और वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात
भोपाल प्रवास के दौरान बिप्लब देब ने धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया. उन्होंने लालघाटी स्थित गुफा मंदिर में बूढ़े हनुमान जी की पूजा-अर्चना की. इसके बाद उन्होंने एक दलित कार्यकर्ता के घर पहुंचकर भोजन किया और फिर एक बूथ कार्यकर्ता के आवास पर चाय पी. अपने इस दौरे में उन्होंने पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर से भी शिष्टाचार मुलाकात की.









