मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी में संगठनात्मक स्तर पर नियुक्तियों का दौर लगातार जारी है. इसी क्रम में पार्टी ने अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर भी फैसला कर दिया है. भाजपा संगठन ने रतलाम निवासी इब्राहिम शेरानी को मध्यप्रदेश भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है. उनकी नियुक्ति प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की सहमति के बाद की गई है. पार्टी की ओर से इस संबंध में आधिकारिक पत्र भी जारी कर दिया गया है.
तत्काल प्रभाव से लागू हुआ नियुक्ति आदेश
भाजपा की ओर से जारी आदेश के मुताबिक इब्राहिम शेरानी की नई जिम्मेदारी तत्काल प्रभाव से लागू होगी. रतलाम से आने वाले शेरानी लंबे समय से संगठन से जुड़े हुए हैं और पार्टी में अलग-अलग जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं. उनके अनुभव को देखते हुए संगठन ने उन्हें अल्पसंख्यक मोर्चा की प्रदेश स्तर की कमान सौंपी है.
शेरानी इससे पहले मध्यप्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष के तौर पर काम कर चुके हैं. इसके अलावा उन्होंने रतलाम जिला अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली है. संगठन के स्तर पर काम करने का उनका पुराना अनुभव उनकी नई भूमिका में अहम माना जा रहा है.
अंजुमन कमेटी के अध्यक्ष भी हैं शेरानी
इब्राहिम शेरानी फिलहाल रतलाम जिले की महत्वपूर्ण अंजुमन कमेटी के अध्यक्ष हैं, जो वक्फ बोर्ड से जुड़ी संस्था है. संगठन और सामाजिक स्तर पर उनकी सक्रियता को देखते हुए उन्हें प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा की जिम्मेदारी दी गई है.
भाजपा में प्रदेश स्तर पर मिली इस नई जिम्मेदारी के बाद शेरानी के सामने अल्पसंख्यक मोर्चा को संगठन के साथ और मजबूत तरीके से जोड़ने की चुनौती होगी. उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब मध्यप्रदेश भाजपा में संगठन को लेकर लगातार नए फैसले और नियुक्तियां सामने आ रही हैं.
भाजपा नेताओं ने दी बधाई
इब्राहिम शेरानी की नियुक्ति के बाद भाजपा नेताओं की ओर से उन्हें शुभकामनाएं दी गई हैं. भाजपा प्रदेश प्रवक्ता और मध्यप्रदेश बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल ने शेरानी को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी. उन्होंने संगठन के इस फैसले के लिए पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार भी जताया.
इब्राहिम शेरानी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद अब उनकी नई भूमिका पर सभी की नजर रहेगी. आने वाले समय में अल्पसंख्यक मोर्चा के स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों और पार्टी कार्यक्रमों में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है.









