भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश भाजपा में बुधवार को राजनीतिक मुलाकातों और नेताओं के बीच चर्चा का दौर देखने को मिला। भाजपा के प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने राजधानी भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में मंत्रियों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। अलग-अलग नेताओं के साथ उनकी मुलाकात का समय लगभग 5 से 15 मिनट तक रहा, जबकि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के साथ उनकी बैठक 30 मिनट से अधिक चली। इस मुलाकात की अवधि ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को जगह दी है।
भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं से मिले कैलाश विजयवर्गीय
प्रदेश भाजपा कार्यालय में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कार्यकर्ताओं से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और उनके सुझावों पर चर्चा की। पार्टी कार्यालय में हुई इन मुलाकातों को संगठनात्मक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि विजयवर्गीय की राजधानी में बढ़ती सक्रियता ने राजनीतिक पंडितों को सोचने पर मजबूर कर दिया है।
MP News: कंप्यूटर बाबा ने उगला नया सियासी वायरस… सिंधिया समर्थकों को हैक करने की तैयारी?
कैलाश विजयवर्गीय-हेमंत खंडेलवाल एक साथ
इसी बीच गुरुवार को राजधानी भोपाल की सड़कों पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल एक ही सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार में नजर आए। दोनों नेता भाजपा प्रदेश कार्यालय से एक साथ एक ही गाड़ी में रवाना हुए। हालांकि, वे इसके बाद कहां गए और उनकी आगे की मुलाकात का क्या कार्यक्रम था, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं एक बात और कि कैलाश विजयवर्गीय और प्रहलाद पटेल भी एक साथ एकजुटता दिखाते नजर आ रहे हैं, वो भी बेहद खास बिंदु है।
मुलाकात के बात नए सियासी समीकरण
बिप्लब देब और कैलाश विजयवर्गीय के बीच आधे घंटे से अधिक चली मुलाकात तथा इसके बाद कैलाश विजयवर्गीय और हेमंत खंडेलवाल के एक साथ रवाना होने की घटनाओं को लेकर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, इन मुलाकातों के एजेंडे या किसी संभावित राजनीतिक फैसले को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। बता दें कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय काफी दिनों से कैबिनेट की बैठक में प्रत्यक्ष रुप से शामिल नहीं हो रहे हैं, उसके बाद उनकी बढ़ती चहलकदमी ने नए सियासी समीकरणों की तरफ इशारा करना शुरु कर दिया है।









