MP BJP Team: मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी की नई कार्यकारिणी में नए चेहरों की ताजपोशी को लेकर उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। देश की राजधानी दिल्ली में लगातार तीन दिनों तक चली मैराथन बैठकों के बाद प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल आज वापस भोपाल लौट आए हैं। भोपाल आते ही वे सीधे प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे, जिसके बाद से ही पार्टी दफ्तर में दिग्गज नेताओं और कार्यकर्ताओं की चहल-पहल अचानक तेज हो गई है। सूत्रों का दावा है कि आज देर रात तक मध्य प्रदेश भाजपा की नई टीम का आधिकारिक एलान किया जा सकता है।
दिल्ली दरबार से मिली हरी झंडी!
सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने पिछले तीन दिनों में दिल्ली दौरे के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय आलाकमान के सामने नई टीम का खाका रखा था। लंबी चर्चा के बाद दिल्ली दरबार ने इस नई प्रदेश कार्यकारिणी की सूची को अपनी अंतिम मंजूरी दे दी है।
मुख्यमंत्री से हो चुकी मीटिंग
सूत्रों का कहना है कि दिल्ली से लौटने के तुरंत बाद भोपाल में मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के बीच एक बैठक हो चुकी है। इस बैठक में सत्ता और संगठन के बीच संतुलन बिठाते हुए क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों के अंतिम मिलान पर मुहर लगा दी गई है।
नई टीम में कई बड़े चेहरों की एंट्री!
पार्टी सूत्रों से छनकर आ रही खबरों के अनुसार, नई प्रदेश कार्यकारिणी की सूची पूरी तरह से टाइप होकर लिफाफे में बंद हो चुकी है और केवल इसके सार्वजनिक होने का इंतजार है। माना जा रहा है कि इस बार हेमंत खंडेलवाल की टीम में आगामी चुनावों को देखते हुए ऊर्जावान और सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाले युवाओं को मौका दिया गया हैं। इसके साथ ही कुछ वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं को मार्गदर्शक के तौर पर अहम जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती है।
आज रात होगी सूची जारी!
पार्टी सूत्रों की माने तो सब कुछ तय रणनीति के मुताबिक रहा, तो आज देर रात ही प्रदेश अध्यक्ष सूची की घोषणा कर मप्र भाजपा की नई टीम के सिपहसालारों के नामों से पर्दा उठा सकते है। सूत्रों का यह भी कहना है कि नई टीम की सूची के सामने आने के बाद कई मौजूदा पदाधिकारियों की छुट्टी होना और कई नए चेहरों की एंट्री होना तय माना जा रहा है। फिलहाल नई टीम की घोषणा कब होगी इसकी अभी पूरी तरह से पुष्टि नही हुई है।









