डेस्क। माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्यप्रदेश (MPBSE) ने 12वीं द्वितीय परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। रिजल्ट जारी होने के साथ ही प्रदेशभर के लाखों विद्यार्थियों का इंतजार खत्म हो गया। यह परीक्षा उन छात्रों के लिए आयोजित की गई थी जो मुख्य परीक्षा में सफल नहीं हो सके थे या अपने अंकों में सुधार करना चाहते थे।
बोर्ड के अनुसार परीक्षा के लिए 1 लाख 42 हजार 468 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था। इनमें 78,890 छात्र और 63,578 छात्राएं शामिल थीं। परीक्षा में 1,42,467 विद्यार्थी शामिल हुए, जबकि केवल एक परीक्षार्थी अनुपस्थित रहा।
84 हजार से ज्यादा स्टूडेंट्स ने हासिल की सफलता
घोषित परिणाम के मुताबिक 84,871 विद्यार्थियों ने परीक्षा पास की है। इनमें 45,253 छात्र और 39,618 छात्राएं शामिल हैं। इस तरह परीक्षा का कुल पास प्रतिशत 59.57 दर्ज किया गया है। द्वितीय परीक्षा ने उन विद्यार्थियों को नया अवसर दिया है जो पहले सफल नहीं हो पाए थे। इससे हजारों छात्र-छात्राओं के लिए आगे की पढ़ाई का रास्ता खुल गया है।
लड़कियों ने फिर मारी बाजी
इस बार भी छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों से बेहतर रहा। बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार छात्राओं का पास प्रतिशत 62.31 रहा, जबकि छात्रों का पास प्रतिशत 57.36 प्रतिशत दर्ज किया गया।
यानी सफलता के मामले में छात्राएं लगभग 5 प्रतिशत की बढ़त के साथ आगे रहीं। पिछले कुछ वर्षों की तरह इस बार भी छात्राओं ने बेहतर परिणाम दर्ज कर अपनी मजबूत उपस्थिति दिखाई है।
प्रथम श्रेणी में 37 हजार से ज्यादा विद्यार्थी पास
रिजल्ट के अनुसार 37,005 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता हासिल की है। इनमें 17,705 छात्र और 19,300 छात्राएं शामिल हैं। वहीं 47,626 विद्यार्थी द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं। इसके अलावा 240 विद्यार्थियों ने तृतीय श्रेणी में परीक्षा पास की है।
57 हजार से ज्यादा स्टूडेंट्स नहीं हो सके सफल
बोर्ड के अनुसार 57,591 विद्यार्थी परीक्षा में सफल नहीं हो पाए। इनमें 33,632 छात्र और 23,959 छात्राएं शामिल हैं। हालांकि द्वितीय परीक्षा के माध्यम से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को एक और मौका मिला, जिससे हजारों छात्र-छात्राएं अपनी शैक्षणिक यात्रा जारी रखने में सफल रहे।
ये भी खबर पढ़िए..









