भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश की राजनीति में एक बार फिर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मंत्रिमंडल में संभावित बदलाव और विस्तार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सियासी गलियारों में दावा किया जा रहा है कि मंत्रिमंडल में कुछ चेहरों को हटाकर नए नेताओं को जगह देने की कवायद चल रही है। हालांकि, इन चर्चाओं पर फिलहाल सरकार या भाजपा संगठन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
राजेंद्र शुक्ला को लेकर बढ़ी चर्चा
मंत्रिमंडल में वरिष्ठ ब्राह्मण चेहरे और डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल को लेकर भी अटकलें सामने आई हैं। दावा है कि दो दिन पहले हुई एक अहम बैठक में राजेंद्र शुक्ल मौजूद नहीं थे। इसके बाद उनके भविष्य को लेकर राजनीतिक चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया। सियासी सूत्रों के हवाले से यह भी चर्चा है कि संगठन स्तर पर मंत्रिमंडल में किसी नए और युवा ब्राह्मण विधायक को शामिल करने के विकल्प पर विचार हो सकता है। हालांकि, राजेंद्र शुक्ल को मंत्रिमंडल से हटाए जाने या उनके स्थान पर किसी अन्य विधायक की नियुक्ति को लेकर अभी कोई आधिकारिक निर्णय सामने नहीं आया है।
प्रतिमा बागरी की जगह नए महिला चेहरे की चर्चा
मंत्री प्रतिमा बागरी को लेकर भी बदलाव की अटकलें लगाई जा रही हैं। राजनीतिक चर्चाओं में दावा किया जा रहा है कि उनकी जगह किसी नए महिला विधायक को मोहन यादव मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। हालांकि, इस संबंध में भी पार्टी या सरकार की ओर से कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।
नितिन नबीन के उज्जैन दौरे के बाद विस्तार की चर्चा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के मध्यप्रदेश दौरे के बाद मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं ने और जोर पकड़ा है। सियासी हलकों में दावा किया जा रहा है कि उनके उज्जैन दौरे से लौटने के बाद मंत्रिमंडल में संभावित बदलाव को लेकर तस्वीर स्पष्ट हो सकती है। फिलहाल संभावित विस्तार या फेरबदल को लेकर कई नाम चर्चा में हैं, लेकिन अंतिम फैसला मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा संगठन के शीर्ष नेतृत्व के स्तर पर होना है। ऐसे में अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मंत्रिमंडल में किन चेहरों की छुट्टी होगी और किन नए नेताओं को जिम्मेदारी मिलेगी।
MP News: राज्यपाल मंगुभाई पटेल की जगह खाली… हाईकोर्ट ने रखा फैसला सुरक्षित!









