भोपाल/ परवेज खान/ खबर डिजिटल/ मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में सबसे अधिक पीड़ित वर्ग किसान है। पटवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रस्तावित ट्रेड डील देशहित के खिलाफ है। उनका दावा है कि अमेरिका को भारतीय उत्पादों पर शून्य प्रतिशत टैरिफ देने और कृषि-चिकित्सा उत्पादों पर शुल्क घटाने की बात कही गई है। उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की चुप्पी पर भी सवाल उठाए।
कर्ज और आत्महत्या का मुद्दा
पटवारी ने कहा कि भारत में किसान आत्महत्या के मामले चिंताजनक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने चालू वित्त वर्ष में 4.78 लाख करोड़ रुपये का कर्ज लिया, जो औसतन 213 करोड़ रुपये प्रतिदिन है। उनके मुताबिक बजट का आकार बढ़ाकर और कर्ज लेने की तैयारी की जा रही है।
आर्थिक हालात और योजनाएं
उन्होंने दावा किया कि कर्ज चुकाने के लिए 13 सरकारी संपत्तियां बेचने की योजना है और कई विभागों में महीनों से वेतन लंबित है। लाडली बहना योजना में 3000 रुपये देने का वादा अधूरा बताया। ओबीसी आरक्षण मामले में सरकार पर देरी का आरोप लगाते हुए कहा कि 150 करोड़ रुपये वकीलों पर खर्च हुए, फिर भी लाभ नहीं मिला।
मंत्रियों पर आरोप और अन्य बयान
पटवारी ने कुछ मंत्रियों पर आपराधिक छवि का आरोप लगाया। कर्नाटक सरकार के हालिया आदेश को सराहते हुए उन्होंने गांधी के ग्राम स्वराज के विचारों पर अमल की बात कही।









