भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ दतिया उपचुनाव की जीत के बाद कांग्रेस खेमे में काफी खुशी का माहौल है। दिल्ली दरबार में भी एमपी कांग्रेस के प्रदर्शन के कारण नंबर बढ़ गए हैं। नतीजतन पार्टी आलाकमान ने स्थानीय नेतृत्व के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की गुजारिश को स्वीकार करते हुए, विभागों और प्रकोष्ठों की कार्यकारिणी के फिर से गठन करने को मंजूरी दे दी, जबकि अगले साल ही नगरीय और पंचायत चुनाव होने है। पार्टी आलाकमान ने सारी कवायद के लिए स्थानीय नेतृत्व को जल्द बेहतर संगठनात्मक ढांचा खड़ा करने के निर्देश भी दिए हैं, जिसमें युवाओं को अधिक से अधिक संख्या में पार्टी से जोड़ने की कवायद पर काम किया जाएगा।
विभागों और प्रकोष्ठों का होगा पुनर्गठन
मध्य प्रदेश कांग्रेस ने संगठन में व्यापक बदलाव की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने प्रदेश स्तर से लेकर जिला, ब्लॉक और अन्य सभी स्तरों पर गठित अपने सभी विभागों, प्रकोष्ठों और उनकी इकाइयों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। इस फैसले के साथ ही प्रदेश कांग्रेस में संगठनात्मक पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिसको लेकर पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने प्रदेश प्रभारी हरीश रावत के साथ मिलकर एक्शन प्लान तैयार किया है। इसमें जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को तवज्जो देने की बात कही जा रही है।
आगामी चुनावों पर फोकस
विभागों और प्रकोष्ठों की कार्यकारिणी को भंग करने का प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी द्वारा आदेश जारी किया गया है। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि संगठन को अधिक प्रभावी और सक्रिय बनाने के उद्देश्य से पुनर्गठन की प्रक्रिया के तहत यह निर्णय लिया गया है। आदेश के अनुसार, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अंतर्गत संचालित सभी विभागों, प्रकोष्ठों और उनकी विभिन्न स्तरों की इकाइयों को तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाता है। अब पार्टी जल्द ही नए सिरे से इन विभागों और प्रकोष्ठों का गठन करेगी, जोकि आगामी चुनावों के मद्देनजर कामों के बंटवारे के साथ काम करेगी।









