इंदौर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में आयोजित 'मध्यप्रदेश युवा कॉन्क्लेव-2026' के दौरान डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स के लिए बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द ही 'डिजिटल कंटेंट क्रिएटर अवॉर्ड' शुरू करेगी। इसका उद्देश्य बेहतर और जिम्मेदार डिजिटल कंटेंट बनाने वाले युवाओं को सम्मानित करना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।
युवा कॉन्क्लेव में डिजिटल क्रिएटर्स से किया संवाद
इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में इंदौर, उज्जैन, धार और मालवा-निमाड़ क्षेत्र के कई डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इंफ्ल्यूएंसर्स शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने उनसे बातचीत की और डिजिटल माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की उनकी भूमिका की सराहना की।
युवा समाज को नई दिशा दे रहे हैं: CM मोहन यादव
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि समाज को जागरूक करने और नई सोच विकसित करने का प्रभावी जरिया बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि आज का युवा सिर्फ कंटेंट नहीं बना रहा, बल्कि लोगों को जोड़ रहा है और नई पीढ़ी की आवाज बन रहा है।

बेहतर डिजिटल कंटेंट बनाने वालों को मिलेगा सम्मान
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार ऐसे डिजिटल क्रिएटर्स को सम्मानित करेगी, जो नवाचार, रचनात्मकता और सामाजिक सरोकारों से जुड़ा सकारात्मक कंटेंट तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल से युवाओं को गुणवत्तापूर्ण कंटेंट बनाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा और समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का काम और मजबूत होगा।
2027 को 'युवा वर्ष' के रूप में मनाने का ऐलान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वर्ष 2027 को 'युवा वर्ष' के रूप में मनाने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को शिक्षा, रोजगार, नवाचार और डिजिटल क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए लगातार नई पहल कर रही है।
ये खबर भी पढ़ें..









