भोपाल। मध्यप्रदेश में गर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है। प्रदेश के कई शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है। बुधवार को खजुराहो सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह तापमान देश में दूसरा सबसे ज्यादा और दुनिया में चौथा सबसे ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। देश में सबसे ज्यादा तापमान बांदा में 48.2°C दर्ज हुआ।
16 शहरों में पारा 44 डिग्री के पार
प्रदेश के कई शहर भट्ठी की तरह तप रहे हैं। खजुराहो के अलावा नौगांव, निवाड़ी, दतिया और राजगढ़ में भी भीषण गर्मी दर्ज की गई। बुधवार को मध्यप्रदेश के 16 शहरों में तापमान 44°C से ज्यादा रहा।
7 जिलों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने आज के लिए प्रदेश के 7 जिलों में तीव्र लू का रेड अलर्ट जारी किया है।
- भिंड
- दतिया
- निवाड़ी
- टीकमगढ़
- छतरपुर
- पन्ना
- सतना
कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट
भोपाल, ग्वालियर, मुरैना, शिवपुरी, गुना, विदिशा, सागर, रायसेन, दमोह, रीवा, सीधी और सिंगरौली समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, नीमच, मंदसौर, धार, खरगोन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, बालाघाट और शहडोल सहित कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
अगले 4 दिन राहत नहीं
मौसम विभाग के अनुसार 23 मई तक पूरे मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा। इसके बाद नौतपा शुरू होगा, जिसके दौरान भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत पूरे प्रदेश में तापमान और बढ़ सकता है।
हीट वेव से बचाव के लिए जरूरी सलाह
- दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें
- पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं
- हल्के और सूती कपड़े पहनें
- बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें
- धूप में निकलते समय सिर ढककर रखें









