MP IAS Transfer: मध्य प्रदेश कैडर के 1994 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी और वर्तमान में भारत सरकार के केंद्रीय संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल को फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स FATF का नया उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। फ्रांस की राजधानी पेरिस स्थित FATF मुख्यालय में आयोजित एक बैठक के समापन पर इसका आधिकारिक ऐलान किया गया। साल 2010 में इस संस्था का पूर्ण सदस्य बनने के बाद, भारत के इतिहास में यह पहला मौका है जब किसी भारतीय अधिकारी को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
समय-सीमा
एफएटीएफ द्वारा जारी बयान के मुताबिक, सदस्यों ने ब्रिटेन को मिलने वाली आगामी अध्यक्षता के प्रस्तावों को मंजूरी दी है। इसके तहत आईएएस विवेक अग्रवाल का कार्यकाल जुलाई 2026 से जून 2027 तक निश्चित किया गया है। विवेक अग्रवाल इस पद पर ब्रिटेन के जाइल्स थॉमसन का स्थान लेंगे, जो 1 जुलाई 2025 से इस जिम्मेदारी को संभाल रहे थे। इस उपल्ब्धि पर केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह नियुक्ति मनी लॉन्ड्रिंग और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के लिए वरदान साबित होगी।
प्रमुख रह चुके विवेक अग्रवाल
प्रवक्ता ने साफ किया कि भारत हमेशा से आतंकवाद और उसके वित्तीय नेटवर्क के खिलाफ ज़ीरो-टॉलरेंस का पक्षधर रहा है। विवेक अग्रवाल इससे पहले भारत के एफएटीएफ प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख रह चुके हैं और FIU-IND के निदेशक के रूप में भी सेवाएं दे चुके है।
इंदौर कलेक्टर रहे अग्रवाल
आपको बता दें कि आईएएस विवेक अग्रवाल इंदौर के लोकप्रिय और कड़क कलेक्टर रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने मध्य प्रदेश शासन के कई मंत्रालयों में अपनी सेवाएं दी है। अब उनकी इस अंतरराष्ट्रीय ताजपोशी से देश सहित पूरे प्रदेश का नाम ग्लोबल मंच पर चमक उठा है।










