मध्य प्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए रक्षाबंधन का पर्व इस बार और खास हो गया है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मैहर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की करीब 1 करोड़ 25 लाख 13 हजार लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में 2,148 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की. सरकार ने यह भुगतान सिंगल क्लिक के जरिए सीधे DBT माध्यम से किया है. इस बार महिलाओं को हर महीने मिलने वाली सहायता के साथ रक्षाबंधन का विशेष उपहार भी दिया गया है. पात्र बहनों के खाते में कुल 1,750 रुपये पहुंचे हैं. इसमें लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त के 1,500 रुपये और रक्षाबंधन के अवसर पर दिए गए 250 रुपये का अतिरिक्त शगुन शामिल है.
39वीं किस्त के साथ मिला रक्षाबंधन शगुन
महिला एवं बाल विकास विभाग के मुताबिक, इस भुगतान में नियमित मासिक सहायता और त्योहार के लिए अतिरिक्त राशि दोनों शामिल हैं. 39वीं किस्त के तहत प्रत्येक लाभार्थी को 1,500 रुपये दिए गए हैं. इसके लिए सरकार ने कुल 1,835.46 करोड़ रुपये जारी किए. इसके अलावा रक्षाबंधन के विशेष उपहार के तौर पर प्रत्येक बहन के खाते में 250 रुपये अतिरिक्त भेजे गए. इस मद में कुल 312.83 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की गई. दोनों राशियों को मिलाकर सरकार ने कुल 2,148 करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में पहुंचाए.
मुख्यमंत्री ने दी बहनों को बधाई
राशि ट्रांसफर करने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश की सभी लाड़ली बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना का उद्देश्य केवल महिलाओं को आर्थिक सहायता देना नहीं है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना भी है. सरकार के मुताबिक, त्योहार के मौके पर दिया गया यह अतिरिक्त शगुन बहनों के प्रति सम्मान और स्नेह का प्रतीक है.
जून 2023 से लगातार मिल रहा योजना का लाभ
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में की गई थी. इसके बाद से पात्र महिलाओं को नियमित रूप से आर्थिक सहायता दी जा रही है. सरकार के आंकड़ों के अनुसार, योजना शुरू होने से अगस्त 2026 तक लाभार्थी महिलाओं के खातों में कुल 63,248 करोड़ रुपये से अधिक की राशि पहुंचाई जा चुकी है. रक्षाबंधन के मौके पर जारी हुई यह राशि प्रदेश की करोड़ों महिलाओं के लिए आर्थिक मदद के साथ त्योहार की खुशी बढ़ाने वाली सौगात के तौर पर देखी जा रही है.









