जबलपुर/खबर डिजिटल/ मनीष तिवारी/ मध्य प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने महाकौशल क्षेत्र के विकास को लेकर कांग्रेस पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि कांग्रेस नेताओं को महाकौशल और जबलपुर के विकास पर बात करने का कोई अधिकार नहीं है, क्योंकि कांग्रेस सरकारों के समय हमेशा इस क्षेत्र की उपेक्षा की गई है।
राकेश सिंह ने जोर देकर कहा कि महाकौशल और जबलपुर को जो भी विकास की सौगातें मिली हैं, वे सभी भारतीय जनता पार्टी की सरकारों के दौरान ही संभव हो पाई हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न की सराहना करते हुए कहा कि आज भाजपा की कार्यशैली के कारण जबलपुर के विकास की मिसालें पूरे प्रदेश में दी जा रही हैं।
मंत्री राकेश सिंह ने विकास कार्यों के आंकड़े पेश करते हुए बताया कि अकेले उनके लोक निर्माण विभाग द्वारा जबलपुर जिले को करीब 3,500 करोड़ रुपये के कार्यों की सौगातें मिल रही हैं। कांग्रेस के दौर को याद दिलाते हुए उन्होंने तंज कसा कि पहले के समय में लोग 10 से 50 लाख रुपये की सड़क के लिए भी तरसते थे, जबकि आज हजारों करोड़ के काम हो रहे हैं।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि राजनीति अपनी जगह है, लेकिन इसकी आड़ में इस तरह की बातें करना ठीक नहीं है, क्योंकि "बातें निकलेंगी तो दूर तक जाएंगी।" भाजपा के भीतर सब कुछ ठीक न होने के कांग्रेस के दावों पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस खुद अपनी स्थिति देखे कि उनके यहाँ क्या ठीक है, उन्हें भाजपा की कार्यपद्धति या विकास के एजेंडे पर सवाल उठाने का कोई हक नहीं है।









