भोपाल। दक्षिण-पश्चिम मानसून एक बार फिर तेजी से एक्टिव हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में 15 से 18 जून के बीच मानसून प्रवेश कर सकता है। मानसून आने से पहले प्रदेश के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं, जिसके चलते आंधी, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी देखने को मिल रही है।
बीते 24 घंटों के दौरान कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया, जिससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
जून में अब तक सामान्य से कम बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार जून महीने में अब तक मध्य प्रदेश में औसत से 23 प्रतिशत कम बारिश हुई है। प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में बारिश की कमी ज्यादा देखने को मिली है। जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के जिलों में औसत से करीब 55 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है।
दूसरी ओर भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और नर्मदापुरम संभाग के जिलों में सामान्य से लगभग 2 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।
इन जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने भिंड, दतिया, छतरपुर, पन्ना और सागर जिलों में तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई है। इन क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
इसके अलावा भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा, नर्मदापुरम, बैतूल, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, अशोकनगर, मुरैना, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, दमोह, टीकमगढ़ और निवाड़ी में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इन जिलों में बनी रहेगी तेज गर्मी
प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में फिलहाल मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने का अनुमान है। इंदौर, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, धार, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, देवास, आगर-मालवा, राजगढ़ और शाजापुर में तेज धूप और गर्म मौसम बना रह सकता है।
मानसून की एंट्री पर टिकी नजर
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यदि मौजूदा परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो अगले कुछ दिनों में मानसून मध्य प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। ऐसे में किसानों समेत आम लोगों की नजर अब मानसून की आधिकारिक एंट्री पर टिकी हुई है, जिससे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां और तेज होने की उम्मीद है।
ये खबर भी पढ़ें..









