CM Mohan Yadav 33% Women Reservation: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर हमला बोला, उन्होंने कहा कि समय आ रहा है जब कांग्रेस की धरती डोल रही है। देश का भूगोल बदल रहा है। कुछ समय पहले कांग्रेसियों ने, 'लड़की हूं-लड़ सकती हूं' कहने वाली कांग्रेस की बड़ी नेता ने लोकसभा में बहनों की आशा की कुठाराघात किया। जब लोकसभा में 33 फीसदी आरक्षण का मामला आया तो उस बड़ी नेता और पप्पू भैया ने विरोधी दलों को मिलाकर बहनों के हक पर डाका डाला। उन्होंने कहा कि स्प्रिंग को जितना दबाओगे वह छोड़ते ही उतनी ताकत से उछलती है। उनके कर्मों की वजह से हमें बंगाल-असम में आशीर्वाद मिला।
बीजेपी-एनडीए की ताकत बढ़ती गई। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो कहते हैं, वो करके दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर हम सांदीपनि विद्यालयों की सौगात देने जा रहे हैं। भारत में एक देश-एक विधान-एक प्रधान-एक राष्ट्रगान होना चाहिए। हिंदू-मुस्लिम-ईसाई का कानून अलग-अलग नहीं हो सकता। किसी को दो-तीन-चार शादियों का हक न हो। उन्होंने कहा कि इसी महीने समान नागरिक संहिता लागू करेंगे।
मध्यप्रदेश उन बड़े राज्यों में से होगा, जिसका कानून सबको समानता का अधिकार देगा। इसमें मुस्लिम बहनों की भी जिंदगी बेहतर होगी। हमारी समिति पूरे प्रदेश में घूमी। उसके पास यूसीसी के लिए दस लाख से ज्यादा सुझाव आए। इन सुझावों में मुस्लिम बहनों के भी सुझाव आए। उन्होंने कहा कि भैया ये कानून जल्दी लागू करो। इस कानून से हमारी जिंदगी सुरक्षित होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद कि उन्होंने तीन तलाक का कानून भी समाप्त कराया।









