मैहर/खबर डिजिटल/अनुराग सिंह/ MP News मैहर जिले में आदिवासी परिवारों ने अपनी जमीन पर कथित कब्जे के विरोध में ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया। सैकड़ों आदिवासी मुंह में चारा दबाकर तहसील कार्यालय पहुंचे और प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई। उनका आरोप है कि उनकी 39 एकड़ जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया गया है।
मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के जजनगरा और पोडिया गांव के सैकड़ों आदिवासी शनिवार को तहसील कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने मुंह में चारा दबाकर अनोखे अंदाज में विरोध जताया। उनका कहना था कि यदि उनकी जमीन और अधिकार नहीं बचाए गए तो उनकी स्थिति भी मवेशियों जैसी हो जाएगी।
प्रदर्शन कर रहे आदिवासियों ने आरोप लगाया कि पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष एवं भाजपा नेता रामसुशील पटेल ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर उनकी करीब 39 एकड़ भूमि पर कब्जा कर लिया है। उनका कहना है कि वे वर्षों से इस जमीन पर खेती करते रहे हैं, लेकिन अब उन्हें खेत में जाने से रोका जा रहा है। इतना ही नहीं, खेत तक पहुंचने का रास्ता भी बंद कर दिया गया है।
आदिवासियों का यह भी आरोप है कि जब वे अपने अधिकार की बात करते हैं तो उन पर फर्जी मुकदमे दर्ज कराए जाते हैं। उनका कहना है कि कई ग्रामीणों को झूठे प्रकरणों में जेल तक भेजा गया, जिससे पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से पूरे मामले की राजस्व और पुलिस स्तर पर निष्पक्ष जांच कराने, कथित कब्जा हटाकर जमीन वापस दिलाने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
हालांकि, जिन पर आरोप लगाए गए हैं उनका पक्ष अभी सामने नहीं आया है। वहीं प्रशासन की ओर से भी इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अब देखना होगा कि आदिवासियों की शिकायत पर प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।
Jyotiraditya Scindia: भाजपा ने दी मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को बड़ी जिम्मेदारी









