भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश में यात्री परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। प्रदेश सरकार और उद्योग जगत को एक साझा मंच पर लाने के उद्देश्य से यात्री परिवहन विजन समिट-2026 का आयोजन 11 और 12 सितंबर को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में किया जाएगा। दो दिवसीय समिट मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होगी, जबकि परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समिट का मुख्य फोकस प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा योजना पर रहेगा।
यात्री परिवहन इकोसिस्टम का विकास
दो दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में निजी बस ऑपरेटरों के साथ नीति निर्माता, परिवहन प्राधिकरण, बस निर्माता कंपनियां, टेक्नोलॉजी कंपनियां, निवेशक और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। समिट का उद्देश्य मध्यप्रदेश में ऐसा यात्री परिवहन इकोसिस्टम विकसित करना है, जो अधिक कनेक्टेड, वित्तीय रूप से टिकाऊ, डिजिटल तकनीक से सक्षम और नागरिक-केंद्रित हो। इस दौरान प्रदेश की मौजूदा परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ भविष्य की जरूरतों के अनुरूप नई तकनीक और निवेश मॉडल पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण आधार
यात्री परिवहन विजन समिट-2026 का आयोजन मध्यप्रदेश यात्री परिवहन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के सहयोग से तथा ईलेट्स टेक्नोमीडिया द्वारा किया जा रहा है। सरकार की इस पहल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधुनिक और सतत सार्वजनिक परिवहन के विजन तथा पीएम ई-बस सेवा जैसी राष्ट्रीय पहलों के अनुरूप देखा जा रहा है। सरकार का लक्ष्य यात्री परिवहन को प्रदेश की कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास के एक महत्वपूर्ण आधार के रूप में और मजबूत करना है।
Exclusive News: शराब पीने वाले कुछ दिन रख लें परहेज… मिलावटी शराब ने कई लोगों की जीवन लीला की समाप्त
आधुनिक मोबिलिटी इकोसिस्टम पर जोर
समिट में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा योजना चर्चा के केंद्र में रहेगी। इस योजना के माध्यम से प्रदेश में बड़े स्तर पर निजी क्षेत्र की भागीदारी को बढ़ावा देकर एक समग्र और आधुनिक मोबिलिटी इकोसिस्टम विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा। इसके तहत बस निर्माण, इलेक्ट्रिक एवं हाइड्रोजन मोबिलिटी, इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट सिस्टम, डिजिटल टिकटिंग, फ्लीट मैनेजमेंट, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स, स्मार्ट बस स्टॉप और पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम जैसे क्षेत्रों में संभावनाओं पर चर्चा होगी।
दीर्घकालिक यात्री परिवहन नेटवर्क की पहल
इस पहल के जरिए निजी कंपनियों को प्रदेश के दीर्घकालिक यात्री परिवहन नेटवर्क से जुड़ने का अवसर मिलेगा। टेक्नोलॉजी, इंफ्रास्ट्रक्चर, परिचालन विशेषज्ञता और नए कारोबारी मॉडल के माध्यम से निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। समिट के दौरान निवेश, नवाचार और पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप यानी PPP मॉडल से जुड़े नए अवसरों पर भी चर्चा होगी। प्रदेश में बस सेवाओं के संचालन और आधुनिक मोबिलिटी इकोसिस्टम के निर्माण के लिए व्यापक PPP मॉडल को लेकर संभावित रूपरेखा पर भी मंथन किया जाएगा।
निवेश और संभावित साझेदारियों पर चर्चा
मोबिलिटी क्षेत्र से जुड़े निजी बस ऑपरेटरों, बस निर्माताओं, टेक्नोलॉजी और इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनियों, चार्जिंग एवं स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र की संस्थाओं, वित्तीय संस्थानों और मोबिलिटी इनोवेटर्स के लिए यह समिट साझेदारी का महत्वपूर्ण मंच साबित हो सकती है। इसमें शामिल प्रतिनिधियों को अपनी तकनीक और समाधान प्रस्तुत करने के साथ पायलट प्रोजेक्ट, निवेश और संभावित साझेदारियों पर चर्चा का अवसर मिलेगा। सरकार के संबंधित अधिकारियों के साथ वन-टू-वन बैठकों के जरिए कंपनियां प्रदेश की परिवहन जरूरतों और संभावित कारोबारी अवसरों को भी समझ सकेंगी।
BJP News: राहुल गांधी के दौरे से पहले बीजेपी की संगठनात्मक कवायद… महाबैठक के जरिए बनेगी रणनीति
निवेश और तकनीकी सहयोग की संभावना
समिट में मोबिलिटी से जुड़े 12 उच्च संभावनाओं वाले क्षेत्रों पर विशेष रूप से चर्चा होगी। इनमें बस निर्माण, इलेक्ट्रिक और हाइड्रोजन मोबिलिटी, डिजिटल टिकटिंग, फ्लीट मैनेजमेंट, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, एआई एवं एनालिटिक्स, स्मार्ट बस स्टॉप, पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम, मोबिलिटी-एज-ए-सर्विस और परिवहन वित्त जैसे क्षेत्र शामिल हैं। इन क्षेत्रों में निवेश और तकनीकी सहयोग की संभावनाओं को तलाशने पर भी जोर रहेगा।
मोबिलिटी विजन 2030 रोडमैप तैयार करना
यात्री परिवहन विजन समिट-2026 के माध्यम से प्रदेश में भविष्य की मोबिलिटी व्यवस्था को लेकर मोबिलिटी विजन 2030 रोडमैप तैयार करने, परिवहन क्षेत्र में PPP को गति देने, डिजिटल-फर्स्ट मोबिलिटी फ्रेमवर्क विकसित करने और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में कदम बढ़ाया जाएगा। इसके साथ ही पायलट प्रोजेक्ट और निवेश के अवसरों को बढ़ाने तथा सरकार और उद्योग के बीच सहयोग को मजबूत करने पर भी फोकस रहेगा।
छह प्रमुख विषयों को विशेष प्राथमिकता
समिट के दौरान छह प्रमुख विषयों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। इनमें PPP आधारित मोबिलिटी, इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम, वित्तीय स्थिरता, स्वच्छ मोबिलिटी, एकीकृत टिकटिंग और बेहतर यात्री अनुभव शामिल हैं। माना जा रहा है कि इंदौर में होने वाला यह आयोजन मध्यप्रदेश में यात्री परिवहन के भविष्य की दिशा तय करने के साथ आधुनिक, डिजिटल और नागरिक-केंद्रित मोबिलिटी व्यवस्था के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।









