भोपाल। मध्यप्रदेश में पुलिस भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्य सरकार ने पुलिस विभाग में 9662 पदों पर भर्ती की प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। अब इन पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। भर्ती के लिए मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) विस्तृत नोटिफिकेशन जारी करेगा, जिसमें आवेदन की तारीख, योग्यता, आयु सीमा और परीक्षा से जुड़ी पूरी जानकारी होगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हाल ही में पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर खाली पदों को जल्द भरने के निर्देश दिए थे। इसके बाद गृह विभाग ने भर्ती को लेकर चार अलग-अलग आदेश जारी किए हैं। सरकार का कहना है कि आने वाले समय में अन्य खाली पदों पर भी भर्ती और पदोन्नति की प्रक्रिया जारी रहेगी।
किन पदों पर होगी भर्ती
गृह विभाग की मंजूरी के अनुसार सबसे ज्यादा 7500 कॉन्स्टेबल (जनरल ड्यूटी) और 1000 कॉन्स्टेबल (ड्राइवर) के पदों पर भर्ती होगी। इसके अलावा 655 स्टेनो कैडर और 507 सूबेदार व सब-इंस्पेक्टर के पद भी भरे जाएंगे। इस तरह कुल 9662 पदों पर भर्ती की जाएगी।
ESB जारी करेगा नोटिफिकेशन
भर्ती की पूरी प्रक्रिया मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) के माध्यम से होगी। मंडल जल्द आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी करेगा। इसमें ऑनलाइन आवेदन की तारीख, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया, परीक्षा पैटर्न और अन्य जरूरी नियमों की जानकारी दी जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी होने का इंतजार करें।
सरकार का 18 हजार पद भरने का लक्ष्य
राज्य सरकार का लक्ष्य पुलिस विभाग में 18 हजार पदों को भरना है। फिलहाल 9662 पदों पर भर्ती को मंजूरी मिल चुकी है। सरकार जल्द ही बाकी रिक्त पदों के लिए भी स्वीकृति जारी कर सकती है। इससे पुलिस विभाग में लंबे समय से खाली पदों को भरने में मदद मिलेगी और युवाओं को सरकारी नौकरी का बड़ा अवसर मिलेगा।
ये खबर भी पढ़ें..









