भोपाल। पेपर लीक और छात्रों के मुद्दे पर दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शन के बाद अब मध्यप्रदेश में भी सियासत तेज हो गई है। राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध और समर्थन को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गई हैं। बुधवार को भोपाल में दोनों दल अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए एक-दूसरे पर हमला बोलेंगे।
भोपाल में कांग्रेस कार्यालय का घेराव करेगी BJP
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल बुधवार दोपहर करीब 1 बजे पार्टी के विधायकों और कार्यकर्ताओं के साथ भोपाल स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंचेंगे। भाजपा यहां प्रदर्शन करेगी। पार्टी का कहना है कि यह प्रदर्शन दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास की ओर कांग्रेस के मार्च और विरोध प्रदर्शन के जवाब में आयोजित किया जा रहा है।
'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस
दूसरी ओर, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भोपाल के श्यामला हिल्स स्थित आदिवासी छात्रावास में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। यह कार्यक्रम कांग्रेस के 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत आयोजित किया जा रहा है। इसमें छात्रों से जुड़े मुद्दों और हालिया घटनाक्रम पर कांग्रेस अपना पक्ष रखेगी।
राहुल गांधी की गिरफ्तारी के बाद बढ़ी राजनीतिक हलचल
दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक मामलों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई हुई। इसके बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी की गिरफ्तारी हुई, जिसके बाद यह मुद्दा राजनीतिक रूप से और गरमा गया। अब इसका असर मध्यप्रदेश की राजनीति में भी देखने को मिल रहा है।
भोपाल में आमने-सामने होंगे भाजपा और कांग्रेस
एक ओर भाजपा कांग्रेस के विरोध में प्रदर्शन करेगी, वहीं कांग्रेस छात्रों के मुद्दे को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति पर काम कर रही है। ऐसे में बुधवार को भोपाल में दोनों प्रमुख दलों के कार्यक्रमों के चलते राजनीतिक माहौल गर्म रहने की संभावना है।
ये खबर भी पढ़ें..









