मध्य प्रदेश की राजनीति में इन दिनों हलचल बढ़ती नजर आ रही है. एक तरफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इंदौर दौरे को लेकर तैयारियां चल रही हैं, वहीं दूसरी ओर भाजपा के भीतर भी संगठन और सरकार से जुड़े स्तर पर बैठकों का दौर जारी है. इसी बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को दोबारा दिल्ली पहुंचे. खास बात यह है कि महज तीन दिनों के भीतर मुख्यमंत्री की यह दूसरी दिल्ली यात्रा है, जिसके बाद राजनीतिक चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है.
तीन दिन में दूसरी बार दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री
डॉ. मोहन यादव इससे पहले 9 सितंबर को दुबई दौरे से लौटने के बाद दिल्ली गए थे. वहां उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की और प्रदेश से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की थी. कुछ समय दिल्ली में रुकने के बाद वह वापस लौट आए थे. अब एक बार फिर उनका राष्ट्रीय राजधानी पहुंचना मध्य प्रदेश भाजपा के अंदर चल रही गतिविधियों को लेकर अटकलों को बढ़ा रहा है.
हालांकि पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री की लगातार दिल्ली यात्राओं को लेकर किसी नए राजनीतिक फैसले या बदलाव की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
हेमंत खंडेलवाल भी लगातार कर रहे दिल्ली दौरे
मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की दिल्ली सक्रियता भी चर्चा में है. पिछले करीब 15 दिनों में खंडेलवाल तीन बार दिल्ली का दौरा कर चुके हैं. इस दौरान उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों से मुलाकात की.
खंडेलवाल गुरुवार को ही दिल्ली से भोपाल लौटे थे. इसके अगले ही दिन मुख्यमंत्री का दिल्ली पहुंचना राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है.
भाजपा कार्यालय में साथ दिखे CM और प्रदेश अध्यक्ष
इसी बीच भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल एक साथ नजर आए. दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर आयोजित होने वाले 'सेवा संकल्प अभियान' की जानकारी दी.
यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा. इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता अलग-अलग सेवा गतिविधियों में हिस्सा लेंगे. लाभार्थी परिवारों के घर 'आशीर्वाद का दीया' जलाने की पहल भी अभियान का हिस्सा होगी.
CM ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल सत्ता के बजाय सेवा, सुशासन और समर्पण की यात्रा को दर्शाते हैं. उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि करीब एक लाख सरकारी कर्मचारियों को पदोन्नति दी गई है, जबकि 85 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है.
मुख्यमंत्री के मुताबिक आने वाले समय में करीब ढाई लाख पदों पर भर्ती की योजना है. इसके अलावा सिंचाई क्षमता को बढ़ाकर 100 लाख हेक्टेयर करने का लक्ष्य रखा गया है. प्रदेश में पांच नए एयरपोर्ट को मंजूरी मिलने की जानकारी भी उन्होंने दी.
लगातार हो रही दिल्ली यात्राओं और भाजपा नेताओं की वरिष्ठ नेतृत्व से मुलाकातों के बीच अब सबकी नजर इस बात पर है कि आने वाले दिनों में इन बैठकों का मध्य प्रदेश की राजनीति और संगठन पर क्या असर दिखाई देता है









