भोपाल/ग्वालियर/ खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश संपर्क अभियान 2026 (mp sampark abhiyan) के अंतर्गत बिजली विभाग को बड़ी सफलता हासिल हुई है। 14 मई 2026 से शुरू हुए इस विशेष संपर्क अभियान के तहत भोपाल और ग्वालियर रीजन के 16 जिलों में व्यापक स्तर पर 772 विशेष शिविर आयोजित किए गए, जिनमें 34 हजार 702 उपभोक्ताओं की शिकायतों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया। बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं को उनके घर के नजदीक ही निराकरण करने के उद्देश्य से मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा संचालित “संपर्क अभियान 2026” को सफलता मिली है।
भोपाल रीजन के वृत्तों में लगे शिविर
भोपाल रीजन के अंतर्गत सबसे अधिक 69 शिविर शहर वृत्त भोपाल में आयोजित किए गए जिसमें 4,606 उपभोक्ताओं की शिकायतों का निराकरण किया गया, इसके साथ ही बैतुल वृत्त में 63 शिविरों में 2,802 उपभोक्ताओं की शिकायतों का निराकरण, सीहोर वृत्त में 51 शिविरों में 1,039 उपभोक्ताओं की शिकायतों का निराकरण, राजगढ़ वृत्त में 48 शिविरों में 500 उपभोक्ताओं की शिकायतों का निराकरण, नर्मदापुरम वृत्त में 47 शिविरों में 5,586 उपभोक्ताओं की शिकायतों का निराकरण, रायसेन वृत्त में 38 शिविरों में 2,421 उपभोक्ताओं की शिकायतों का निराकरण, भोपाल (ग्रामीण) वृत्त में 37 शिविरों में 1,489 उपभोक्ताओं की शिकायतों का निराकरण, विदिशा वृत्त में 24 शिविरों में 1,541 उपभोक्ताओं की शिकायतों का निराकरण एवं हरदा वृत्त में 20 शिविरों में 4,271 उपभोक्ताओं की शिकायतों का निराकरण किया गया है।
ग्वालियर रीजन के वृत्तों में लगे शिविर
ग्वालियर रीजन के अंतर्गत मुरैना वृत्त में 59 शिविरों में 1,438 उपभोक्ताओं की शिकायतों का निराकरण, शहर वृत्त ग्वालियर में 44 शिविरों में 1603 उपभोक्ताओं की शिकायतों का निराकरण, भिंड वृत्त में 44 शिविरों में 809 उपभोक्ताओं की शिकायतों का निराकरण, गुना वृत्त में 38 शिविरों में 932 उपभोक्ताओं की शिकायतों का निराकरण, ग्वालियर (ग्रामीण) वृत्त में 39 शिविरों में 612 उपभोक्ताओं की शिकायतों का निराकरण, श्योपुर वृत्त में 30 शिविरों में 1,228 उपभोक्ताओं की शिकायतों का निराकरण, दतिया वृत्त में 26 शिविरों में 1,288 उपभोक्ताओं की शिकायतों का निराकरण, शिवपुरी वृत्त में 73 शिविरों में 1,344 उपभोक्ताओं की शिकायतों का निराकरण एवं अशोकनगर वृत्त में 22 शिविरों में 1,193 उपभोक्ताओं की शिकायतों का निराकरण किया गया।
इन शिकायतों और सेवाओं पर हुआ त्वरित काम
इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं की शिकायतों का ऑन-द-स्पॉट समाधान On-the-Spot Solution करना है। शिविरों में मुख्य रूप से उपभोक्ताओं को त्रुटिपूर्ण बिल, मीटर रीडिंग और अन्य बिलिंग संबंधी शिकायतों का तत्काल निराकरण किया गया। साथ ही मात्र 5 रुपये में नवीन ग्रामीण घरेलू एवं कृषि पम्प कनेक्शन प्रदान किये गए।
वहीं भार वृद्धि, नाम परिवर्तन, श्रेणी परिवर्तन, स्थाई कनेक्शन विच्छेदन, अस्थायी कनेक्शन, ई-केवायसी और अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC), बंद/खराब मीटर बदलना, स्मार्ट मीटर संबंधी शिकायतें, सर्विस केबल सुधार, वोल्टेज की समस्या और ट्रांसफार्मर से जुड़ी शिकायतों, बिजली बिलों का आंशिक एवं पूर्ण भुगतान, अग्रिम भुगतान पर छूट, बकाया राशि भुगतान तथा अन्य जनहितैषी योजनाओं की जानकारी और लाभ प्रदान किया गया ।









